आने वाली 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में अदिवि शेष, मृणाल ठाकुर और अनुराग कश्यप की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' दस्तक देने के लिए तैयार है. फिल्म की रिलीज से पहले मुंबई में फिल्म की कास्ट प्रचार के सिलसिले में खास बातचीत के लिए एकत्रित हुई. इस दौरान बातचीत का रुख तब बदला जब दिग्गज निर्देशक राम गोपाल वर्मा के एक हालिया बयान पर चर्चा छिड़ी. दरअसल, राम गोपाल वर्मा ने एक इंटरव्यू में कहा था कि फिल्म 'धुरंधर' की ऐतिहासिक कामयाबी के बाद अब पूरी फिल्म इंडस्ट्री इस उलझन और डर में है कि भविष्य में किस तरह का सिनेमा चलेगा और क्या उन्हें अब अपने काम करने का तरीका बदलना होगा.
अनुराग कश्यप ने क्या कहा
जब इस बारे में अनुराग कश्यप से उनकी राय पूछी गई, तो उन्होंने अपनी बेबाकी दिखाते हुए कहा, "नहीं, वो शिफ्ट कुछ चंद लोगों की तरफ है. मैं रामू (राम गोपाल वर्मा) से असहमत हूं, भले ही वो मेरे मेंटर रहे हों. लेकिन एक ही तरह की फिल्म नहीं होती, हजार तरह की फिल्में होती हैं. यह जो एक बड़ा सेक्शन है जो ब्लॉकबस्टर से ऑब्सेस्ड है, हो सकता है कि उनको यही चीज चाहिए. असल में वही चीज सफलता का फॉर्मूला बन जाती है और उसे इतना रिपीट किया जाता है कि वो दो-तीन साल में खत्म हो जाती है".
आगे कहा, "फिर लोग एक नया फॉर्मूला ढूंढ रहे होते हैं. अभी उन्हें वही एक फॉर्मूला मिला है और सब उसे ट्राई कर रहे हैं. उन्हें यह नहीं मालूम कि जिस आदमी ने वह फिल्म बनाई थी, वह कोई फॉर्मूला नहीं फॉलो कर रहा था, बल्कि अपना 'गट इंस्टिंक्ट' फॉलो कर रहा था. उस आदमी को भी पहले दिन वैसी ओपनिंग नहीं मिली थी और उस पर लोग हंसे थे. 'धुरंधर' के वक्त उन्हें काफी कड़वी बातें सुननी पड़ी थीं, लेकिन बाद में सब हैरान रह गए. शूटिंग के दौरान तो स्टूडियो ने फंडिंग तक रोक दी थी. मेरा मानना है कि आप जो फिल्म बनाना चाहते हैं, पूरी ईमानदारी से उस कहानी पर भरोसा रखें, वह जरूर चलेगी".
यह भी पढ़ें: फिल्म से राजनीति तक बोले रवि किशन: धुरंधर विवाद पर गुस्सा, बंगाल चुनाव पर बड़ा दावा
'डकैत: एक प्रेम कथा' एक एक्शन और थ्रिल के बीच बुनी गई एक प्रेम कहानी है, जहां मृणाल ठाकुर और अदिवि शेष गोलियों की गूंज के बीच अपना रिश्ता निभाते नजर आएंगे. यह फिल्म हिंदी और तेलुगु भाषाओं में एक साथ रिलीज होगी, जिसका निर्देशन शेनिल ने किया है. फिल्म की खास बात यह है कि मुख्य अभिनेता अदिवि शेष ने अभिनय के साथ-साथ इसकी लिखाई में भी सहयोग दिया है. साथ ही, अनुराग कश्यप फिलहाल निर्देशन से दूरी बनाये हुए हैं पर अभिनय के लिए कुछ फिल्मों को हां जरूर करते रहे हैं जैसा की उन्होंने डकैत के लिए हां कहा. कुछ समय पहले अनुराग महाराजा जैसी फिल्मों में अपने अभिनय का लोहा मनवा चुके है पर ये साफ नहीं है की डकैत में भी उनका किरदार महाराजा की तरह नेगेटिव होगा या इस बार वो किसी पॉजिटिव अवतार में नजर आयेंगे?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं