मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने हाल ही में अपने ब्लॉग पर एक बहुत ही गहरी और सोचने पर मजबूर करने वाली बात साझा की. उनका कहना है कि आज के इस डिजिटल युग में दुनिया को देखने का नजरिया कितना बदल गया है. जो लोग पुराने समय से लेकर आज तक का बदलाव देख चुके हैं, उनके लिए यह बदलाव एक दिलचस्प लेकिन चुनौतीपूर्ण सफर जैसा है. पहले समय की रफ्तार अलग थी, लोग चीजों को धीरे-धीरे समझते थे. आज सब कुछ तेज है, तुरंत है और लगातार बदल रहा है. जो लोग नहीं जानते हैं उन्हें बता दें कि बिग बी का यह पोस्ट कॉमेडियन समय रैना के लेटेस्ट स्टैंड अप स्पेशल स्टिल अलाइव के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कॉन्ट्रोवर्शियल शो इंडियाज गॉट लेटेंट के बारे में बात की और कुछ बातों में अमिताभ बच्चन का जिक्र किया.
अमिताभ बच्चन ने कही ये बात
उन्होंने लिखा, "हर दिन नए विचार और आइडिया लेकर आता है और हर एक को उतनी ही लगन से पूरा करने की चाहत भी होती है. यह सब कुछ एक ही बार में नहीं किया जा सकता, इसलिए आप 'एक समय में एक काम' के सिद्धांत पर चलते हैं. ठीक है, लेकिन मन बार-बार याद दिलाता रहता है कि अभी क्या-क्या करना बाकी है और उससे जुड़ी बेचैनी भी बनी रहती है, तो आप सब कुछ छोड़कर आराम से बैठ जाते हैं। इस उम्मीद में कि मन अपनी यह उछल-कूद बंद कर देगा, लेकिन नहीं, ऐसा नहीं होता और इंटरनेट का तूफान जोरों से चलता है, जो आपका ध्यान इतनी सारी चीजों की तरफ खींच लेता है कि यह समझना बहुत मुश्किल हो जाता है कि असली चीज क्या है और कौन सी है?"
ये भी पढ़ें- 10 अप्रैल को इस फिल्म की जबरदस्त ओपनिंग, जिसके एक्टर ने नहीं दी अब तक एक भी फ्लॉप, किया बॉडी शेमिंग का सामना
कंटेंट को लेकर कही बिग बी ने ये बात
अमिताभ बच्चन ने बताया, "जरूरत का जो जरूरी कंटेंट होता है, वह कभी-कभी नजरअंदाज हो जाता है या फिर मन हर चीज पर ध्यान देना चाहता है. अब, हालांकि सही विचारों को खोजने और जवाब ढूंढ़ने के तरीके काफी बेहतर हो गए हैं. जानकारी पाने की रफ्तार अब बस एक बटन दबाने जितनी तेज हो गई है. यह दिमाग के 'सोचने वाले बटन' से नहीं होता, जिसे अब 'नेट' नाम के इस माध्यम ने पीछे छोड़ दिया है और नई-नई जानकारियां हमें मजबूर करती हैं कि हम सबसे नई चीजों के पीछे भागें और पुरानी, जानी-पहचानी चीजों को पीछे छोड़ दें.
बिग बी के पोस्ट का अर्थ
वे कहते हैं कि जिन लोगों ने पुराने जमाने को जिया है और अब बिल्कुल अलग तरीकों को देखकर हैरान रह जाते हैं, उनके लिए यह समय की एक दिलचस्प कहानी है. 'समय' हमेशा से ही एक भरोसेमंद और अहम चीज रहा है और यह अपने साथ एक सुखद पुरानी यादें भी लेकर आता है, जिसे सिर्फ वही लोग समझ सकते हैं जिन्होंने उस पुराने दौर को जिया है. आज के जमाने के लिए शायद यह बात उतनी मायने नहीं रखतीय वे तो बस 'अभी' में ही डूबे रहते हैं, ठीक वैसे ही जैसे हम अपने जमाने में डूबे रहते थे, जब हम उनकी उम्र के थे और नई-नई खोजों और निर्देशों का सामना कर रहे थे. उन्होंने कहा कि कितना दिलचस्प है यह सब.
समय रैना ने क्या कहा था
1 घंटे 21 मिनट के स्पेशल शो में समय रैना ने कौन बनेगा करोड़पति के बारे में बात की, जिसमें वह तन्मय भट्ट के साथ बतौर गेस्ट पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि वह बिग बी के सामने कॉन्ट्रोवर्शियल जोक मारने से बच रहे थे. उन्होंने कहा, जैसे मैं गया था केबीसी. मेरे दिमाग में नहीं आया ता कि सर आपने इतना पोलियो का एड किया फिर भी आपने बेटे को पांव में क्यों नहीं खड़ा कर पाए सर. ये नहीं किया ना मैंने वहां पे. वहां मैंने बोला कि मेरी दादी आपकी बहुत बड़ी फैन है. दादी मेरी मर गई 7 साल पहले.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं