Alpha Box Office Collection Day 2: आलिया भट्ट और शरवरी की एक्शन फिल्म ‘अल्फा' से यशराज फिल्म्स को काफी उम्मीदें थीं क्योंकि यह YRF स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल-लीड फिल्म है. 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म को पहले दिन ठीक-ठाक ओपनिंग मिली, लेकिन दूसरे दिन इसकी रफ्तार उम्मीद के मुताबिक बढ़ती नजर नहीं आई. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने दूसरे दिन यानी शनिवार शाम 7 बजे तक करीब 5 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. यह कमाई 5,288 शोज से सामने आई है. इसके साथ ही फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 14.25 करोड़ रुपये पहुंच गया है. पहले दिन फिल्म ने 9.25 करोड़ रुपये की ओपनिंग की थी, लेकिन बड़े पैमाने पर रिलीज होने के बावजूद यह आंकड़ा YRF स्पाई यूनिवर्स की फिल्मों के स्तर का नहीं माना जा रहा है.
दूसरे दिन भी नहीं दिखी रफ्तार
शनिवार को आमतौर पर फिल्मों की कमाई में उछाल देखने को मिलता है, लेकिन ‘अल्फा' के साथ ऐसा होता नजर नहीं आया. फिल्म पहले दिन देशभर में 7,534 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई थी, जबकि दूसरे दिन इसके 5,288 शोज दर्ज किए गए. शुरुआती ट्रेंड बता रहे हैं कि फिल्म की ग्रोथ सीमित रही है. समीक्षकों और दर्शकों से मिले मिले-जुले से लेकर निगेटिव रिएक्शन का असर अब बॉक्स ऑफिस पर भी दिखाई देने लगा है. हालांकि, अंतिम आंकड़ों में कुछ बदलाव संभव है, लेकिन फिलहाल फिल्म का प्रदर्शन उम्मीद से कमजोर माना जा रहा है.
YRF स्पाई यूनिवर्स की सबसे कमजोर फिल्मों में शामिल
‘अल्फा' की दूसरे दिन की कमाई YRF स्पाई यूनिवर्स की पिछली फिल्मों से काफी पीछे है. ‘वॉर 2' ने दूसरे दिन 57.85 करोड़ रुपये, ‘पठान' ने 70.50 करोड़ रुपये और ‘टाइगर 3' ने 59.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. इतना ही नहीं, हालिया रिलीज फिल्मों से तुलना करें तो रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3' ने दूसरे दिन 6.25 करोड़ रुपये और आलिया भट्ट की पिछली फिल्म ‘जिगरा' ने 6.55 करोड़ रुपये का कारोबार किया था, जो ‘अल्फा' से बेहतर रहा. शिव रवैल के निर्देशन में बनी इस फिल्म में आलिया भट्ट और शरवरी के अलावा बॉबी देओल और अनिल कपूर भी अहम भूमिकाओं में हैं, जबकि ऋतिक रोशन कबीर के किरदार में कैमियो करते नजर आते हैं. अब सभी की नजरें फिल्म के वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं कि क्या रविवार को ‘अल्फा' वापसी कर पाती है या नहीं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं