हिंदी सिनेमा में उम्र के अंतर वाले रोमांस को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है. अक्षय कुमार और वामिका गब्बी की फिल्म ‘भूत बंगला' के साथ ये मुद्दा फिर सुर्खियों में आ गया है. जहां एक तरफ कुछ लोग इसे पुराना ट्रेंड मानते हैं, वहीं दूसरी तरफ आलोचकों का कहना है कि इंडस्ट्री इस असमानता पर खुलकर बात नहीं करती. इसी बीच अक्षय कुमार ने इस पूरे मामले पर अपनी राय रखते हुए साफ कहा कि ये कोई नई बात नहीं है और पहले भी फिल्मों में ऐसा देखा जाता रहा है.
ये भी पढ़ें: धुरंधर 1, धुरंधर 2 ने मिलकर अब तक कमा लिए 2200 करोड़, जानते हैं आदित्य धर और रणवीर सिंह की फिल्म का बजट
अक्षय कुमार ने दिया सीधा जवाब
फिल्म के प्रमोशन के दौरान अक्षय कुमार ने एज गैप को लेकर उठ रहे सवालों पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि इसमें इतना हैरान होने वाली बात नहीं है क्योंकि ये पहले भी होता आया है. उनका कहना है कि हॉलीवुड से लेकर बॉलीवुड तक कई फिल्मों में उम्र का अंतर दिखाया गया है और कई बार ये कहानी की जरूरत भी होती है.
रियल लाइफ का भी दिया उदाहरण
अक्षय ने अपने बयान में ये भी जोड़ा कि असल जिंदगी में भी कई लोग अपने से बड़े या छोटे पार्टनर से शादी करते हैं. उनके मुताबिक फिल्मों को सिर्फ मनोरंजन के नजरिए से देखना चाहिए और हर चीज को विवाद से जोड़ना जरूरी नहीं है. उन्होंने कहा कि जब कहानी अच्छी होती है तो दर्शक किरदारों से जुड़ जाते हैं और फिर उम्र जैसी चीजें मायने नहीं रखती हैं.
प्रियदर्शन का भी अलग नजरिया
फिल्म के निर्देशक प्रियदर्शन ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि दर्शकों को एक्टर्स की असली उम्र नहीं बल्कि उनके किरदार को देखना चाहिए. उनके मुताबिक ‘स्क्रीन एज' ज्यादा मायने रखती है क्योंकि वही ऑडियंस को कहानी से जोड़ती है. उन्होंने ये भी कहा कि जब जोड़ी स्क्रीन पर अच्छी लगती है तो उम्र का फर्क खुद ही पीछे छूट जाता है.
वामिका गब्बी की तारीफ भी की
अक्षय कुमार ने अपनी को-स्टार वामिका गब्बी की जमकर तारीफ की. उन्होंने बताया कि वामिका अपने काम को लेकर बेहद गंभीर हैं और हर सीन की तैयारी अच्छे से करती हैं. अक्षय के मुताबिक वामिका का काम करने का तरीका उन्हें काफी प्रभावित करता है और यही चीज उन्हें खास बनाती है. आपको बता दें कि वामिका और अक्षय कुमार की उम्र में 26 साल का फासला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं