90 के दशक के आखिरी सालों और 2000 के शुरुआती दौर में बॉलीवुड के कई गाने ऐसे आए, जिन्होंने शादियों और पार्टियों की रौनक बढ़ा दी. इनमें कुछ गाने ऐसे भी हैं, जिन्हें सुनते ही लोगों के पैर अपने आप थिरकने लगते हैं. बॉबी देओल और रानी मुखर्जी की फिल्म ‘बिच्छू' का गाना ‘दिल टोटे टोटे हो गया' भी ऐसा ही एक गाना है. हंसराज हंस और श्वेता शेट्टी की आवाज में सजे इस गाने का जादू आज भी बरकरार है. खास बात यह है कि इसके वीडियो में गाने के साथ ऐसा अनोखा नजारा देखने को मिलता है, जिसमें सिंगर और एक्ट्रेस फायर ब्रिगेड पर भी डांस करते नजर आते हैं.
हंसराज हंस और श्वेता शेट्टी की आवाज ने मचाया था धमाल
‘दिल टोटे टोटे हो गया' को हंसराज हंस और श्वेता शेट्टी ने गाया था. इसके बोल समीर ने लिखे थे, जबकि आनंद राज आनंद ने संगीत तैयार किया था. गाने में हंसराज हंस और श्वेता शेट्टी खुद भी नजर आए थे. दोनों के डांस और गाने की शूटिंग ने इसे खास पहचान दिलाई. वीडियो में फायर ब्रिगेड पर डांस करते कलाकारों का अंदाज भी लोगों का ध्यान खींचता है.
क्या थी फिल्म ‘बिच्छू' की कहानी?
गुड्डू धनोआ के निर्देशन में बनी ‘बिच्छू' 7 जुलाई 2000 को रिलीज हुई थी. फिल्म में बॉबी देओल और रानी मुखर्जी मुख्य भूमिकाओं में थे. इनके अलावा आशुतोष राणा नहीं, बल्कि आशीष विद्यार्थी, फरीदा जलाल, सचिन खेडेकर और मोहन जोशी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए. फिल्म की कहानी जीवा नाम के एक ऐसे शख्स की है, जो अपने परिवार को खोने के बाद अपराध की दुनिया में पहुंच जाता है. उसकी जिंदगी में तब बदलाव आता है, जब उसके पड़ोस में रहने वाली किरण के परिवार की हत्या कर दी जाती है. किरण इस घटना में बच जाती है और जीवा उसकी रक्षा करने के साथ उसे बदला लेने के लिए तैयार करता है. फिल्म में एक्शन, बदले और भावनाओं का मेल देखने को मिलता है.
बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन
‘बिच्छू' के गानों को लोकप्रियता मिली, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर फिल्म का प्रदर्शन औसत रहा था. बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म का बजट करीब 7.50 करोड़ रुपये था और इसने भारत में 10.69 करोड़ रुपये की नेट कमाई की थी. इसका भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 18.17 करोड़ रुपये और दुनियाभर का ग्रॉस कलेक्शन करीब 18.75 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं