Bihar News: कभी-कभी एक छोटा सा गुस्सा, मामूली सी तकरार और एक पल की जल्दबाजी पूरी जिंदगी को गहरे दुख में बदल देती है. बिहार के पश्चिमी चम्पारण जिले के धनहा से एक ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवक अपनी नाराज पत्नी को मनाने के इरादे से घर से निकला था. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था.रास्ते में उसकी बाइक पोखरे में गिर जाने से उनकी दर्दनाक मौत हो गई.
घर की छोटी सी बात और बढ़ा विवाद
परिजनों के अनुसार धर्मेंद्र के घर में सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन किसी घरेलू बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अचानक बहस शुरू हो गई. बात धीरे-धीरे बढ़ती गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई. इसी बीच पत्नी गुस्से में अपना सामान लेकर मायके जाने के लिए निकल पड़ीं. परिवार के लोगों ने काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन नाराजगी इतनी अधिक थी कि वह नहीं मानीं. पत्नी के इस तरह घर छोड़कर जाने से धर्मेंद्र अंदर से टूट गया. उसे उन्हें लगा कि अगर आज बात नहीं संभाली गई तो रिश्तों में दूरी और बढ़ जाएगी.
पत्नी को वापस लाने की बेचैनी, कटहा मोड़ के पास हुआ हादसा
पत्नी को वापस लाने के इरादे से धर्मेंद्र तुरंत अपनी बाइक लेकर निकल पड़ा. इसी बेचैनी में वे सड़क पर तेज़ी से बाइक लेकर आगे बढ़ा जैसे ही वह कटहा मोड़ के पास पहुंचा, तभी अचानक उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ा और बाइक सीधे सड़क किनारे स्थित गहरे पोखरे में जा गिरी. पानी की गहराई अधिक थी और बाइक के साथ गिरने की वजह से उन्हें बाहर निकलने का तुरंत मौका नहीं मिला. अचानक हुए इस हादसे ने कुछ ही पलों में सब कुछ बदल दिया। सड़क पर मौजूद लोगों को जब तक समझ आता, तब तक स्थिति गंभीर हो चुकी थी.
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
हादसे को देखकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे. बिना देरी किए कुछ लोग पोखरे में उतरे और कड़ी मशक्कत के बाद धर्मेंद्र को बाहर निकाला. उस समय उनकी सांसें चल रही थीं, जिससे थोड़ी उम्मीद जगी.तुरंत उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र मधुबनी पीएससी ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए बगहा अनुमंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया.
अस्पताल पहुंचते ही टूटी उम्मीद, पसर गया मातम
जैसे ही एंबुलेंस बगहा अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची, डॉक्टरों ने जांच के बाद धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया. यह खबर सुनते ही परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा. जिस पत्नी को मनाने के लिए वे घर से निकले थे, जब उसे हादसे की जानकारी मिली तो वह बदहवास हालत में अस्पताल पहुंची. पूरे इलाके में इस घटना के बाद शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.














