वैशाली (बिहार) में जमीन विवाद का एक मामला खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. संघर्ष भी ऐसा कि पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में ईंट-पत्थर और 15 लोग घायल हो गए. कई महिलाएं भी लहूलुहान हुईं. मामला राघोपुर प्रखंड के रुस्तमपुर गांव का है. जानकारी के मुताबिक, गांव के काशी राय और उमेश साह के बीच लंबे समय से जमीन का विवाद चल रहा था. इस विवाद के समाधान के लिए राघोपुर अंचल कार्यालय में आवेदन दिया गया था. शनिवार (5 अप्रैल) सुबह को जमीन के नाप के दौरान दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई.
कहासुनी के बाद चले ईंट-पत्थर
इस दौरान, दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. दोनों तरफ से ईंट-पत्थर और लाठी-डंडे चलने लगे. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को गंभीर हालत में हॉस्पिटल पहुंचाया गया. जबकि 8 लोग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर-फतेहपुर में इलाज कराने पहुंचे. मामले में एफआईआर दर्ज की ली गई है. सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस द्वारा मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. साथ ही इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है.
प्रशासन पर लगे गंभीर आरोप
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट और अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है. वीडियो में अंचलाधिकारी और पुलिसकर्मी भी मौके से हटते नजर आ रहे हैं. इसी दौरान, वहां मौजूद एक व्यक्ति ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि पूरा विवाद अंचलाधिकारी के कारण हुआ है और उन्होंने गलत पेपर बनाए थे. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
यह भी पढ़ेंः पत्नी को साइकिल पर बैठाकर जिला अस्पताल के इंमरजेंसी वार्ड पहुंचा बुजुर्ग पति, वीडियो वायरल














