- बिहार के बेतिया जिले में बारात समारोह में दो युवक का देसी कट्टा लेकर नाचते हुए वीडियो वायरल हुआ
- वायरल वीडियो में दोनों युवक एक युवती के साथ मारी सिक्सर के गीत पर देसी कट्टा लहराते हुए नजर आ रहे हैं
- पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर करण कुमार नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है
बिहार के बेतिया जिले से बड़ी खबर आ रही है, जहां के गोपालपुर थाना क्षेत्र में किसी बारात समारोह में दो युवक अपने-अपने हाथ में देसी कट्टा लेकर लहराते हुए नजर आ रहे हैं. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों युवकों के हाथ में एक-एक देसी कट्टा है. दोनों एक युवती के साथ कट्टा लहराते हुए 'मारी सिक्सर के 6 गोली छाती में रे' गाने की धुन पर झूम रहे हैं.
इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक युवक को तो गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है. उसकी तलाशी में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है. अभी जिस युवक को गिरफ्तार किया गया है, उसका नाम करण कुमार है और उम्र 20 साल है. वह गोपालपुर के सतगढही गांव का रहने वाला है.
जीजा-साला हैं आरोपी
सदर एसडीपीओ विवेक दीप ने बताया कि गोपालपुर थाना क्षेत्र से एक शादी समारोह में हथियार लहराने का वीडियो सामने आया था. जिसके बाद वीडियो का सत्यापन किया गया. जांच में पाया गया कि यह वीडियो सतगढही गांव का है. जिसमें दो युवक हथियार लहरा रहे हैं. एक युवक की पहचान करण कुमार है और दूसरा जो युवक है वह करण का जीजा है जिसका नाम बृजकिशोर यादव है. पुलिस ने करण को गिरफ्तार कर लिया है. गोपालपुर थाने में एफआईआर भी दर्ज कर ली गई है और फरार बृजकिशोर यादव की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही.
वायरल वीडियो के आधार पर FIR दर्ज
इस मामले में गोपालपुर के थाना प्रभारी अंकित कुमार ने FIR दर्ज की है. उन्होंने बताया कि उनके वॉट्सऐप पर 16 सेकंड का एक वायरल वीडियो आया. जिसमें किसी बारात समारोह में दो व्यक्ति अपने अपने हाथ में कट्टा लेकर लहराते हुए नाच रहे है. उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की जांच की गई और सत्यापन किया गया तो पता चला कि यह वीडियो सतगढही गांव का है. उन्होंने बताया कि करण कुमार के बहन की शादी थी जिसमें ये लोग अवैध देसी कट्टा लहराते हुए नाच रहे थे. इसका वीडियो करण कुमार ने फेसबुक पर पोस्ट किया था.
(बेतिया से जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट)














