वैशाली से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों, भरोसे और परिवार को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं. एक पति ने अपनी BPSC शिक्षिका पत्नी पर कॉलेज के पुराने प्रेमी के साथ रहने का आरोप लगाया है. पति का दावा है कि पत्नी की पढ़ाई के लिए उसने जमीन और ब्लड तक बेचा. नौकरी लगते ही पत्नी ने उसे और 10 साल के बेटे को छोड़ दिया.
2013 में हुई थी शादी
मामला हाजीपुर नगर थाना क्षेत्र का है. पीड़ित पति ने बताया कि साल 2013 में उसकी शादी हुई थी. शादी के बाद पत्नी की पढ़ाई जारी रखने के लिए उसने दिन-रात मजदूरी की. शहर में किराए पर कमरा लेकर रहता था, जिससे उसकी पत्नी पढ़ सके. आर्थिक तंगी के बावजूद पत्नी की पढ़ाई नहीं रुकने दी. इसके लिए उसने अपनी पैतृक जमीन तक बेच दी. ग्रेजुएशन और बीएड पूरा करने के बाद BPSC TRE-2 परीक्षा पास की और शिक्षिका बनी. नौकरी मिलने के बाद उसका व्यवहार बदल गया.
ट्रेनिंग के दौरान बढ़ी नजदीकियां
पीड़ित पति का आरोप है कि ट्रेनिंग के दौरान पत्नी की नजदीकियां उसके कॉलेज के ही मित्र के साथ बढ़ गई. पति ने आरोप लगाया कि 23 मई को हाजीपुर के लिच्छवि नगर स्थित किराए के मकान में उसने पत्नी को उसके प्रेमी के साथ पकड़ लिया. इसके बाद डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई. हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग और मकान मालिक मौके पर पहुंचकर मामला शांत करा दिया.
पति-पत्नी साथ नहीं रहना चाहते
पत्नी और उसका पति अब एक दूसरे के साथ नहीं रहना चाहते हैं. महिला ने कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ रहेगी. 10 साल के बच्चे ने अपनी मां पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वह अब मां के साथ नहीं रहेगा.
नगर थाने के एसएचओ सिकंदर कुमार ने बताया कि डायल 112 पुलिस महिला और उसके प्रेमी को पकड़कर थाने लाई थी. पति की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है. दोनों एक दूसरे के साथ नहीं रहना चाहते हैं.
यह भी पढ़ें: मैडम की इस स्माइल पर फिदा हुए थे जयपुर के 'बॉस', हनीट्रैप में फंसकर 90 लाख लुटा बैठे














