बिहार में शराबबंदी कानून को धता बताते हुए तस्करों ने नया तरीका अपनाया था, लेकिन रोसड़ा पुलिस की सतर्कता ने उनकी चाल को नाकाम कर दिया. पुलिस ने साइलेंट पावर जेनरेटर के अंदर छिपाकर ले जाई जा रही 691 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की. आरोपी चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है. जानकारी के अनुसार, रविवार (5 अप्रैल) देर शाम रोसड़ा थाने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक पिकअप वाहन से साइलेंट जेनरेटर के भीतर शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है. सूचना पर थानाध्यक्ष लालबाबू कुमार के निर्देश पर अपर थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र मंडल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई.
पुलिस को देखकर भागने लगा ड्राइवर
पुलिस टीम ने गांधी चौक के पास संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा किया और डाकबंगला के पास घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया. पहली नजर में जेनरेटर सामान्य लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने उसे खुलवाया तो अंदर शराब की बोतलों से भरे 77 कार्टून मिले. शराब की कुल मात्रा 691.56 लीटर बताई गई है. तस्करी में इस्तेमाल पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया गया. गिरफ्तार चालक गौरव कुमार सिंह झारखंड के धनबाद जिले का रहने वाला है.
शराब की बोतलों से भरे 77 कार्टून बरामद
नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस अब पूछताछ कर रही है कि शराब की यह खेप कहां से आई थी और कहां पहुंचाई जानी थी. अन्य तस्करों की पहचान के लिए छापेमारी जारी है. रोसड़ा थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ अभियान जारी रखने का संकल्प लिया है. ऐसे अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है.
यह भी पढ़ेंः अंतरराज्यीय शेट्टी गैंग का पर्दाफाश! छत्तीसगढ़ पुलिस ने हैदराबाद से तीन आरोपियों को पकड़ा














