Bihar News: बिहार के पूर्णिया जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. कसबा थाना क्षेत्र के तारानगर में गुरुवार की देर शाम आग लगने के बाद भारी बवाल हो गया. आग की वजह से नाराज स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंची पुलिस और अग्निशमन (दमकल) की टीम पर अचानक हमला कर दिया.
4 घर और दुकानें जलकर खाक
चश्मदीद अभिषेक कुमार के मुताबिक, आग की शुरुआत सबसे पहले एक नाश्ते की दुकान से हुई थी. देखते ही देखते आग इतनी फैल गई कि दो दुकानों समेत कुल चार घर जलकर पूरी तरह खाक हो गए. स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वे कामयाब नहीं हो सके.
देर से पहुंचने पर भड़का लोगों का गुस्सा
घटना के तुरंत बाद डायल 112 और दमकल की टीम को फोन पर सूचना दी गई थी. बताया जा रहा है कि कसबा थाना परिसर में उस समय अग्निशमन वाहन मौजूद नहीं था. इस वजह से पास के जलालगढ़ थाना से दमकल की गाड़ी मंगवानी पड़ी, जिससे टीम को पहुंचने में थोड़ी देरी हो गई. गाड़ी के लेट होने से लोग भड़क गए और उन्होंने आते ही वाहनों पर पथराव शुरू कर दिया.
हमले में दो सब इंस्पेक्टर समेत 4 पुलिसकर्मी घायल
आक्रोशित भीड़ ने पुलिस और दमकल की गाड़ियों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया. इतना ही नहीं, लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट भी की. इस अचानक हुए हमले में दो सब इंस्पेक्टर (SI) समेत कुल चार पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं.
कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा
पुलिस टीम पर हुए इस हमले के बाद प्रशासन सख्त एक्शन में आ गया है. सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है. इस मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
ये भी पढ़ें:- NEET UG री-एग्जाम देनेवाले उम्मीदवारों को बिहार सरकार देगी ये बड़ी सुविधा, CM सम्राट चौधरी ने किया ऐलान














