निशांत कुमार को डिप्टी सीएम जैसी सुरक्षा, विजय कुमार सिन्हा की सिक्योरिटी घटाई गई

बिहार में सुरक्षा में अहम बदलाव हुआ है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत और पूर्व मंत्री श्रवण कुमार की सुरक्षा बढ़ाई गई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
गृह विभाग ने निशांत कुमार समेत अन्य नेताओं की सुरक्षा को लेकर आदेश जारी किया है.

बिहार में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गृह विभाग ने बड़ा फैसला लिया है. दोनों डिप्टी सीएम के बाद अब दो और नेताओं की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. गृह विभाग के आदेश के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को Z श्रेणी सुरक्षा दी गई है. दोनों डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र यादव को भी जेड (Z) श्रेणी सुरक्षा दी गई है. वहीं, पूर्व मंत्री श्रवण कुमार को Y+ श्रेणी की सुरक्षा मिली है. जबकि पूर्व डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की सुरक्षा श्रेणी घटा दी गई है. पूर्व डिप्टी सीएम विजय सिन्हा की सुरक्षा पहले Z+ श्रेणी की थी, जिसे अब घटाकर Z श्रेणी कर दिया गया है.

बिहार की यात्रा पर निकलेंगे निशांत

निशांत 8 मार्च को जदयू ज्वॉइन करने के बाद से लगातार सक्रिय है. नई सरकार में उनके शामिल होने को लेकर काफी कयासबाजी रही, लेकिन उनका फोकस संगठन पर है. जल्द ही वे पूरे बिहार की यात्रा पर निकलेंगे, जिसकी तैयारियां भी संगठन के स्तर पर शुरू हो चुकी है. इस यात्रा और निशांत की सक्रियता को देखते हुए ही उन्हें Z श्रेणी सुरक्षा दी गई है.

विजय कुमार सिन्हा के समर्थकों की बढ़ सकती है नाराजगी

वहीं, पूर्व डिप्टी सीएम विजय सिन्हा पिछली सरकार में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग का जिम्मा संभाल रहे थे. मंत्री रहते हुए जनसुनवाई और कार्रवाई की वजह से काफी चर्चा में रहे थे. नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए विजय सिन्हा भी दावेदार माने जा रहे थे. लेकिन, पार्टी ने उनसे ही सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव पेश करवा दिया, जिसके चलते उनके समर्थक खासे नाराज दिख रहे हैं. सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारे में सिन्हा समर्थक खुले रूप से अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं. अब सुरक्षा घटाए जाने के बाद यह नाराजगी और तेज हो सकती है. हालांकि गृह विभाग के अधिकारियों ने वजह बताते हुए कहा कि वे डिप्टी सीएम नहीं हैं और मंत्री भी नहीं हैं. ऐसे में उनकी सुरक्षा से संबंधित नया फैसला लिया गया है.

दोनों डिप्टी सीएम को टू-लेयर सिक्योरिटी

राज्य में पहली बार 15 अप्रैल को बीजेपी सरकार का गठन होने के बाद यह आदेश जारी किया गया है. दोनों उप मुख्यमंत्रियों को मिली ‘जेड' श्रेणी की सुरक्षा में प्रशिक्षित कर्मियों शामिल हैं, जो उन्नत हथियारों से लैस होती है. डिप्टी सीएम की सुरक्षा दो स्तरों पर की जाएगी. एक चलती सुरक्षा (मोबाइल सुरक्षा व्यवस्था) और दूसरी उनके आवास की स्थायी सुरक्षा होगी.

Advertisement

नीतीश कुमार को देशभर में Z+ सुरक्षा

वहीं, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री Nitish Kumar को अब देशभर में Z+ श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी. सीएम पद छोड़ने के बाद भी नीतीश कुमार को Z+ श्रेणी की सुरक्षा मिलती रहेगी. गृह विभाग की विशेष शाखा इस संबंध में आदेश जारी कर चुकी है. उनकी सुरक्षा समीक्षा के बाद 'बिहार स्पेशल सिक्योरिटी एक्ट-2000' के तहत उन्हें यह सुरक्षा दी गई है.   

यह भी पढ़ेंः नीतीश कुमार का 'पावर अपग्रेड', सीएम पद छोड़ने के बाद अब पूरे देश में मिलेगी Z+ सुरक्षा

Featured Video Of The Day
Vedanta Power Plant Explosion: वेदांता प्लांट हादसे की पूरी टाइमलाइन, अब तक क्या-क्या हुआ? | NDTV