शादी के दौरान छाया मातम, समधी मिलने से पहले ही दुल्हन के पिता की दर्दनाक मौत... विदाई के बाद आया सच

नालंदा में शादी के दौरान दुल्हन के पिता की दर्दनाक मौत हो गई. हालांकि शादी हुई लेकिन इसके बाद सच्चाई सामने आई तो पूरे परिवार में मातम छा गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
शादी से पहले दुल्हन के पिता की मौत
Bihar News:

नालंदा जिले के चरुईपर गांव में एक हृदयविदारक घटना ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया. समधी मिलन से ठीक पहले सड़क हादसे में दुल्हन के पिता अर्जुन पासवान की मौत हो गई. हालांकि, सामाजिक संवेदनशीलता दिखाते हुए ग्रामीणों ने पूरी रात यह दुखद खबर छुपाए रखी, ताकि बेटी की शादी प्रभावित न हो. वहीं विदाई के बाद जब सच्चाई सामने आई तो सभी के पैरो तले जमीन खिसक गई. जबकि बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है.

शादी से पहले हुई दुर्घटना

बताया जा रहा है कि बीते मंगलवार को अर्जुन पासवान की छोटी बेटी धर्मशीला कुमारी की शादी सारे थाना क्षेत्र के मुर्गियाचक गांव निवासी पवन कुमार के साथ हो रही थी. घर में खुशी का माहौल था और बारात भी पहुंच चुकी थी. इसी बीच अर्जुन पासवान शौच के लिए एसएच-78 की ओर गए, जहां तेज रफ्तार अज्ञात स्कॉर्पियो ने उन्हें टक्कर मार दी. गंभीर हालत में उन्हें नूरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों के सामने बड़ा सवाल था, क्या शादी रोकी जाए या बेटी का जीवन का सबसे अहम दिन बचाया जाए. गांव के लोगों ने भारी मन से फैसला लिया कि शादी की सभी रस्में पूरी कराई जाएं. जिसके बाद दुल्हन और बारात पक्ष को सिर्फ इतना बताया गया कि पिता की हालत गंभीर है.

विदाई के बाद सामने आई सच्चाई 

बुधवार (29 अप्रैल) सुबह विदाई के बाद जैसे ही दोनों पक्षों को अर्जुन पासवान की मौत की जानकारी मिली, खुशियों का माहौल अचानक गम में बदल गया. दूल्हा अपनी नवविवाहिता पत्नी को लेकर तुरंत गांव पहुंचा, जहां धर्मशीला अपने पिता के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगी. मां लीला देवी का भी रो-रोकर बुरा हाल था. बताया जाता है कि धर्मशीला पांच बहनों में सबसे छोटी है. पिता की मौत से पूरा गांव शोक में डूब गया है.

Advertisement

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है. अज्ञात वाहन की पहचान के लिए पुलिस प्रयासरत है. ग्रामीणों ने पूरी रात अपने दर्द को दबाकर रखा. एक ओर शहनाई बजती रही, तो दूसरी ओर आंखों में आंसू छिपे रहे. यह घटना सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदारी की एक मार्मिक मिसाल बन गई है.

यह भी पढ़ेंः Bihar: बीजेपी के पूर्व MLC के बहनोई और भांजे को मारी गोली, इलाज के दौरान भांजे की मौत

Advertisement
Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Bengal Election 2026: बंगाल में छप्पर फाड़ Voting, टूट गए आजादी के बाद के सारे रिकॉर्ड