दादा की चिता जलने से पहले सात साल के पोते की मौत, माता-पिता और बहन गंभीर रूप से जख्मी

परिवार पहले से ही दादा की मौत के गम में डूबा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया. मृतक की पहचान बबूरबन्ना निवासी अमित कुमार के सात वर्षीय पुत्र अर्णव कुमार के रूप में की गई है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
हादसे में पूरा परिवार बिखड़ा
Bihar News:

नालंदा जिले के वेना थाना क्षेत्र अंतर्गत डेंटल कॉलेज के पास गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और बहन गंभीर रूप से जख्मी हो गए. परिवार पहले से ही दादा की मौत के गम में डूबा था, लेकिन घर पहुंचने से पहले ही हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया. मृतक की पहचान बबूरबन्ना निवासी अमित कुमार के सात वर्षीय पुत्र अर्णव कुमार के रूप में की गई है. हादसे में बच्चे के पिता अमित कुमार, मां शिल्पी देवी तथा बहन अनोखी कुमारी घायल हो गए. बताया जाता है कि शिल्पी देवी बिहार पुलिस में आरक्षी पद पर कार्यरत हैं.

पिता की मौत की खबर सुनकर गांव लौट रहा था परिवार

घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि अमित कुमार के पिता जवाहर साव का निधन हो गया था. परिवार को जैसे ही मौत की सूचना मिली, अमित अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे. इसी दौरान डेंटल कॉलेज के समीप फ्लाईओवर पर चढ़ने के दौरान एक झरझरिया ठेला ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और मासूम अर्णव गंभीर रूप से घायल हो गया.

बिहार शरीफ अस्पताल भेजा गया

घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. सूचना मिलने पर वेना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और टोल प्लाजा पर उपलब्ध नेशनल हाईवे की एंबुलेंस से सभी घायलों को इलाज के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेजा गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अर्णव कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है.

टोल टैक्स बचाने के लिए चलते हैं गलत दिशा में वाहन

ग्रामीणों ने बताया कि भागन बिगहा इलाके में एक तरफ की सड़क निर्माणाधीन होने के कारण मार्ग को वन-वे कर दिया गया है. बावजूद इसके कई वाहन चालक टोल टैक्स बचाने के लिए गलत दिशा में वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और गलत दिशा में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.

Advertisement

वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है. मामले की जांच करते हुए अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ेंः बकरीद पर कुर्बानी देते समय शख्स के सीने में अचानक जोर से उठा दर्द, फर्श पर गिरते ही थमी सांसे

Advertisement
Featured Video Of The Day
मुजफ्फरपुर के लीची किसान परेशान, गिरा 70 प्रतिशत उत्पादन