होटल का कमरा नंबर 205, एंट्री में पति-पत्नी का रिश्ता और देर रात अचानक पूरा खेल बदल गया. रात में करीब डेढ़ बजे सूचना पर होटल के स्टाफ वाले कमरे में दाखिल हुए तो कमरे का नजारा देख सभी दंग रह गए. जिस युवक ने रात में 11 बजे लड़की के साथ आराम से कमरे में खाना खाया हो और मात्र ढाई घंटे में ऐसा क्या हो गया कि उसकी होटल के कमरे में बेड पर लाश पाई गई. होटल में युवक के साथ आने वाले लड़की को पुलिस ने हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है. जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बिहार की राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पास एक होटल की है.
प्रेमिका के साथ होटल आया था युवक
होटल के कमरे में युवक का संदिग्ध हालत में शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक संतोष कुमार शर्मा (30) जहानाबाद में शकुराबाद का रहने वाला था. सूचना पर आई पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, लेकिन मृतक के परिजनों ने संतोष के साथ होटल गई लड़की पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 12 बजे संतोष कुमार अपनी प्रेमिका आंचल के साथ होटल पहुंचे थे.
होटल के रिकॉर्ड दर्ज रिश्ते पर सवाल
दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताते हुए कमरा नंबर 205 बुक कराया. जिसको लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं. होटल के रिकॉर्ड में भी यही दर्ज किया गया है. होटल के मैनेजर रितेश कुमार के मुताबिक, रात करीब 11 बजे दोनों ने कमरे में ही खाना मंगवाकर खाया. इसके बाद सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन देर रात करीब 1:30 बजे स्थिति अचानक बदल गई, जब आंचल ने होटल स्टाफ को बताया कि संतोष की तबीयत खराब हो गई है और उसे अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस बुलानी होगी. होटल कर्मचारियों ने जब कमरे में प्रवेश किया, तो वहां का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए.
मृतक युवक की करा दी थी दूसरी शादी
संतोष कुमार बेड पर मृत अवस्था में पड़ा था. कमरे में कोई हलचल नहीं थी. तुरंत होटल प्रबंधन ने डायल 112 और स्थानीय थाने को सूचना दी. पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. जांच के दौरान एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया. पुलिस पूछताछ में पता चला कि संतोष कुमार और आंचल ने पहले ही घरवालों की जानकारी के बिना शादी कर ली थी. हालांकि, कुछ समय बाद परिवार वालों ने संतोष की दूसरी शादी करा दी थी. यही कारण माना जा रहा है कि दोनों के रिश्ते में तनाव पैदा हुआ.
युवक की प्रेमिका ने सुनाई सुसाइड की कहानी
मामले में सबसे अहम मोड़ तब आया, जब मृतक के साथ मौजूद उसकी प्रेमिका आंचल को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. आंचल ने पुलिस को बताया कि घटना की रात संतोष ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली, जबकि वह सो रही थी. वहीं, मृतक के परिजनों ने साफ तौर पर आंचल पर हत्या का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि संतोष इस तरह आत्महत्या नहीं कर सकता और पूरे मामले में गहरी साजिश की आशंका है. परिजनों का यह भी आरोप है कि आंचल ने घटना के बाद सच्चाई छिपाने की कोशिश की. परिजनों के विरोध और आरोपों के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच शुरू कर दी है.
रामकृष्ण नगर थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि फिलहाल आंचल से गहन पूछताछ की जा रही है. साथ ही, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी जांच में लगाया गया है, ताकि कमरे से मिले साक्ष्यों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सके. पोस्टमार्टम रिपोर्ट से संतोष की मौत की वजह का पता चल पाएगा. पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि घटना के दौरान कमरे में क्या-क्या गतिविधियां हुईं.
यह भी पढे़ं-
बिहार में बरसी आसमानी आफत, पटना समेत कई जिलों में आंधी-बारिश के तांडव में 12 लोगों की मौत














