Gopalganj River Accident: बिहार के गोपालगंज जिले से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां शनिवार को खनुआ नदीं में नहाने के दौरान एक ही परिवार के चार बच्चे डूब गए. हादसा विजयीपुर थाना क्षेत्र के भरपुरवा गांव के केरवनिया घाट पर घटित हुआ. इस हादसे में दो सगे ममेरे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवरिया रेफर कर दिया गया है. इस घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
खेल-खेल में गहरे पानी में उतरे बच्चे
मामले की जानकारी देते हुए मृतक के परिजनों ने बताया कि शनिवार को भरपुरवा गांव के दिग्विजय मिश्रा का 11 साल का बेटा आयुष मिश्रा, पांडेय (13 वर्ष), चुलबुल पांडेय (15 वर्ष) और गांव के ही आनंद ठाकुर के बेटे विशाल ठाकुर (16 वर्ष) के साथ खनुआ नदी में नहाने गया था.
ये चारों खनुआ नदी में नहाते और मस्ती करते समय गहरे पानी में खेलते हुए चले गए और डूबने लगे. घाट पर मौजूद मंदिर के पुजारी की जब डूबते बच्चों पर नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया और तुरंत बचाव कार्य शुरू कराया गया.
ग्रामीणों ने निकाला बाहर, अस्पताल में दो को मृत घोषित किया
पुजारी की आवाज सुनकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद चारों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया. इसके बाद सभी को आनन-फानन में विजयीपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आयुष मिश्रा और ओम पांडेय को मृत घोषित कर दिया. वहीं, चुलबुल पांडेय और विशाल ठाकुर की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें देवरिया (यूपी) हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.
पीड़ित परिवार को मिलेगा मुआवजा, घाटों पर नहाने पर लगेगा प्रतिबंध: DM
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिजनों ने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए गोपालगंज के DM पवन कुमार सिन्हा ने विजयीपुर अंचलाधिकारी (CO) को घटनास्थल की जांच के निर्देश दिए हैं.
DM पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि पीड़ित परिवारों को कबीर अंत्येष्टि योजना, पारिवारिक लाभ योजना और मुख्यमंत्री सहायता योजना के तहत तत्काल मुआवजा राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही, आगामी मानसून को देखते हुए जिले के सभी ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर्स (BDO) को अपने-अपने क्षेत्रों में खतरनाक नदियों और घाटों को चिह्नित कर वहां सार्वजनिक रूप से नहाने पर प्रतिबंध लगाने का कड़ा आदेश जारी किया गया है.
यह भी पढ़ें; सोनीपत: पेशी पर आए युवक की कोर्ट के बाहर गोलियों से भूनकर दिनदहाड़े कर दी हत्या, ब्रेजा कार से आए थे हमलावर














