गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में तनाव है. वहीं गैस के पैसे से जुए में हार जाने के बाद एक सनकी पति ने अपनी गर्भवती पत्नी को मौत के घाट उतार दिया. यह मामला बिहार के बेगूसराय का है. जहां वीरपुर थाना इलाके में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक सनकी पति ने अपनी 21 वर्षीय पत्नी की ईंट से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी. मृतका की पहचान बीरपुर थाना क्षेत्र के मुजफ्फरा गांव की रहने वाली लक्ष्मी कुमारी के रूप में हुई है. इस घटना में न केवल एक महिला की जान गई, बल्कि कोख में पल रहे उस मासूम का भी अंत हो गया, जिसे अगले महीने दुनिया देखनी थी.
10 दिनों से खत्म गैस की वजह से भूखी थी पत्नी
दरअसल इस घटना के संबंध में मृतका की बहन मीना कुमारी ने बताया कि राज चौधरी जुए और नशे का आदि था. घर में पिछले 10 दिनों से गैस खत्म थी, जिसके कारण खाना नहीं बन पा रहा था. लक्ष्मी के पिता ने गैस के लिए दामाद राज चौधरी को एक हजार रुपए दिए थे. लेकिन राज ने उन पैसों को जुए में उड़ा दिया. जब लक्ष्मी ने भूख लगने और खाना न बनने की शिकायत की, तो राज आगबबूला हो गया. बीते मंगलवार (31 मार्च) को रात करीब 9:30 बजे इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ, जिसके बाद राज ने पास पड़ी ईंट उठाकर लक्ष्मी के सिर पर दे मारी. वही लक्ष्मी के परिजनों को सूचना दिया गया की सीढ़ी पर से गिर जाने के कारण घायल हो गई है.
बहन का आरोप- अस्पताल ले जाने के बजाए घुमाता रहा
बताया गया कि घटना के बाद आरोपी पति और उसके परिजन लक्ष्मी को आनन-फानन में बेगूसराय के एक निजी अस्पताल ले गए. जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित किया. वही लक्ष्मी की बहन का आरोप है कि पति उसे अस्पताल ले जाने के बजाय रास्ते में घुमाता रहा. जिससे उसकी मौत हो जाए और वह इसे दुर्घटना का रूप दे सके. इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के मायके वाले जब सदर अस्पताल पहुंचे तो दोनों पक्ष के बीच झगड़ा भी हो गया. घटना के संबंध में पति राज चौधरी का कहना है कि रात में बिजली नहीं थी तो बेटे को घूमाने गए थे, उधर से लौट कर आया तो पत्नी सीढ़ी के नजदीक गिरी हुई थी. हमने मारपीट नहीं किया है. पोस्टमार्टम में खुलासा हो जाएगा.
घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि सीढ़ी से गिर जाने पर इलाज के लिए ले जाने के दौरान मौत की सूचना मिली थी. पोस्टमार्टम कराया जा रहा है, आवेदन के आधार पर कार्रवाई होगी.
साल 2021 में हुई थी शादी
लक्ष्मी की शादी 2021 में राज चौधरी के साथ हुई थी. उनका ढ़ाई साल का एक बेटा ऋषि है, जो अब अनाथ हो गया है. लक्ष्मी 8 महीने की गर्भवती थी और अक्सर पति की प्रताड़ना सहती थी. परिजनों ने बताया कि लक्ष्मी के पिता उसे दूसरी शादी करने की सलाह भी देते थे. लेकिन वह अपने बच्चे के भविष्य और सामाजिक लोकलाज के कारण उसी घर में रह रही थी.
यह भी पढ़ेंः बिहार: औरंगाबाद में गैस एजेंसी-गोदाम पर नहीं मिलेगा LPG सिलेंडर, प्रशासन ने जारी किया आदेश














