औरंगाबाद जिले के दाउदनगर थाना क्षेत्र में आज मंगलवार (19 मई) की रात अपराधियों ने एक किसान की गोली मारकर हत्या कर दी. घटना भुइयां बिगहा के पास हुई, जहां बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर घटना को अंजाम दिया. इस घटना की वजह से पूरे इलाके में दहशत फैली हुई है. बताया जा रहा है कि अपराधी बाइक पर सवार घात लगा कर बैठे थे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई. वहीं अब मौके पर पुलिस पहुंच गई है और मामले की जांच में जुट गई है.
मृतक की पहचान दाउदनगर थाना क्षेत्र के कैसरारी गांव निवासी कुंदन यादव(उम्र 50वर्ष)के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि किसान कुंदन यादव किसी काम से जा रहे थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर अचानक हमला कर दिया. गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े.
गांव से एक किलोमीटर दूर हुई घटना
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें तत्काल निजी दाउदनगर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रत्यक्षदर्शी संतोष कुमार ने बताया कि वह अपने चचेरे भाई कुंदन यादव के साथ केसरारी गांव जा रहे थे. तभी गांव से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित भुइयां बीघा के पास दो बाइक सवार युवक पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी.
गोली मारने के बाद दोनों अपराधी जिनोरिया की ओर फरार हो गए. घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला. मृतक के परिवार में पत्नी और बेटा गोल्डन कुमार हैं.
चुनाव के दौरान हुआ था विवाद
परिवार के लोग खेती-बारी कर जीवनयापन करते हैं. घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है. परिजनों का कहना है कि विधानसभा चुनाव के दौरान कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हुआ था. उस दौरान भी गोलीबारी हुई थी. लोग इस घटना को भी उस मामले से जोड़कर देख रहे हैं.
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अशोक कुमार दास, सर्किल इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार और अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार अनुमंडल अस्पताल पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से पूछताछ कर मामले की जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की.














