Motihari Fire Incident News: बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के ढाका प्रखंड से दिल को झकझोड़ने वाली घटना सामने आई है. बड़हरवा फतेह मोहम्मद गांव में शुक्रवार की देर रात एक दो मंजिला होलसेल जनरल स्टोर में अचानक भीषण आग लग गई. इस अग्निकांड ने न सिर्फ करोड़ों की संपत्ति स्वाहा कर दी, बल्कि दुकानदार के दो मासूम बच्चों और एक कर्मचारी की भी जान ले ली.
आधी रात को मची चीख-पुकार
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ,यह घटना शुक्रवार रात की है. जो दुकानदार राजकुमार साह के घर सह दुकान में लगी थी. आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया और मकान में रखे सारे सामान जलने लगे. इस हादसे में दुकानदार के दो मासूम बच्चों के अलावा दुकान के एक स्टाफ की आग में झुलसने से मौत हो गई. मृतकों की पहचान दुकानदार राजकुमार साह के बेटे रुद्र कुमार (8) और बेटी सृष्टि(12) के अलावा दुकान के स्टाफ प्रिंस कुमार(28) के रूप में हुई है.
जनरल स्टोर में लगी आग
Photo Credit: IANS
मासूमों को बचाने का नहीं मिला मौका
बताया गया कि यह घटना आधी रात के बाद की है. आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। आग की सूचना मिलते ही गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई. सूचना मिलने पर दमकल विभाग की कई गाड़ियां और पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। फायर ब्रिगेड ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
8 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
दमकल कर्मियों ने पूरी रात मशक्कत की और शनिवार सुबह करीब 8 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका. प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जाहिर की जा रही है. पुलिस ने तीनों शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बताया जा रहा है कि दुकान में भारी मात्रा में किराना एवं अन्य सामान रखा हुआ था, जो जलकर पूरी तरह राख हो गया.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
प्रशासन मामले की जांच को लेकर सिकरहना डीएसपी उदयशंकर ने शनिवार को बताया कि आग दो मंजिला दुकान में लगी थी. जिसपर कड़ी मशक्कत के बाद पूरी तरह से काबू पा लिया गया है. फिलहाल विभाग मामले की जांच में जुट गया है तथा आग में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें: सीतामढ़ी में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, 2 साल के मासूम को कुचला, गुस्साए ग्रामीणों ने गाड़ी में लगाई आग
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)













