बिहार के गया शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित न्यू एरिया पिपरपांती मोहल्ले में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब ड्रग विभाग और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने एक घर में बड़ी छापेमारी शुरू की. बताया जा रहा है कि यह मकान पूर्व सांसद रंजीत सिंह उर्फ रंग सिंह का है, जहां किराए पर पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग का कार्यालय चल रहा है. रंजीत सिंंह झारखंड के चतरा जिला से 1980 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे, और सांसद बने थे.
नशीली दवाइयां मिली
सूचना के अनुसार, छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध ड्रग और नशीली दवाइयां मिलीं. हालांकि, कार्रवाई अभी जारी है, और अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं. पुलिस का कहना है कि जांच और छानबीन पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का आधिकारिक खुलासा किया जाएगा.
पूर्व सांसद के घर पर छापा.
भारी पुलिस बल तैनात
छापेमारी के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. अचानक हुई इस कार्रवाई से पिपरपांती मोहल्ले में अफरा-तफरी का माहौल है, और लोग पूरे मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि ड्रग विभाग को लंबे समय से यहां अवैध दवा कारोबार की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई.
इस संबंध में सहायक औषधि नियंत्रक विजय कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर शहर के पीपर पाती मोहल्ले में छापेमारी की गई है. छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नशीली दवाइयां बरामद की गई है. उन्होंने बताया कि छापेमारी पूरी होने के बाद ही विस्तृत जानकारी दी जा सकेगी.
यह भी पढ़ें: मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी को पुलिस का फरमान-अपने पुश्तैनी घर में नहीं रह सकते, आधी रात पहुंच गई फोर्स














