बिहार के मुजफ्फरपुर में गुरु शिष्या का रिश्ता तार-तार हो गया. जिस शिक्षा के मंदिर में शिक्षा की ज्योति जगाने वाला शिक्षक ही जब भक्षक बन जाए तो फिर छात्राओं के लिए कोई जगह सुरक्षित नहीं रह पाता है. कुछ ऐसा ही सनसनीखेज मामला एक निजी कोचिंग संस्थान से सामने आया है. जिले के सरैया थाना क्षेत्र के गांव के रहने वाली एक नाबालिग छात्रा के साथ कोचिंग संस्थान में पढ़ाने वाले शिक्षक के द्वारा दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने का मामला सामने आया है और शिक्षक के द्वारा छात्रा के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. घटना के बाद कोचिंग संस्थान के शिक्षक के प्रति ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है. पुलिस फरार शिक्षक की तलाश कर रही है.
बहला-फुसलाकर छात्रा को जाल में फंसाया
दरअसल, पीड़िता के परिजनों ने आरोप लगाया है कि कोचिंग संचालक ने छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने जाल में फंसाया और उसे हमेशा नशीला पदार्थ खिलाकर गलत काम करता रहा. घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने स्थानीय थाना में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में लोगों के बीच शिक्षक के प्रति गहरा रोष व्याप्त है. ग्रामीणों ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है. डीएसपी सुचित्रा कुमारी ने मामले के बारे में बताया कि कोचिंग संस्थान में पढ़ने वाली एक छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है और आरोपी शिक्षक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. इसके आलावा पीड़िता का एसकेएमसीएच में मेडिकल परीक्षण करा लिया गया है और आवश्यक साक्ष्य सुरक्षित रखे गए हैं.
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी
उन्होंने कहा कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस की कई टीमें इस कार्रवाई में जुटी हुई हैं और आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी और मानव स्रोतों का भी सहारा लिया जा रहा है. साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि आरोपी कहीं छिप न सके.
पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आम लोगों से अपील की है कि पीड़िता की पहचान गोपनीय रखें और सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर भ्रामक या अपुष्ट जानकारी साझा करने से बचें. पुलिस ने भी चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
यह भी पढे़ं-
पटना में दूध लेने गई 10 साल की बच्ची के हत्यारे का खौफनाक कबूलनामा, 2 महीने से बना रहा था शिकार














