दो महीने से किस्त नहीं भरी तो फाइनेंस वाले ने सड़क पर रोका, महिला ने कॉलर पकड़कर लगाए थप्पड़

बेतिया में दो महीने से किस्त जमा न होने पर फाइनेंस वाले ने सड़क पर ही एक बाइक को रोक लिया. इसके बाद सड़क पर ही जमकर बवाल हुआ. बाइक पर बैठी महिला ने फाइनेंस वाले की कॉलर पकड़ ली और कई थप्पड़ मारे.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • बिहार के बेतिया जिले के कालीबाग थाना क्षेत्र में एक फाइनेंस कर्मी ने बीच सड़क बाइक को जबरन रोका था
  • बाइक सवार महिला ने किस्त न चुकाने पर फाइनेंस कर्मी के खिलाफ विरोध जताया और हाथापाई शुरू हो गई
  • विवाद के दौरान महिला ने फाइनेंस कर्मी को थप्पड़ मारे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव फैल गया
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
बेतिया:

बिहार के बेतिया जिले के कालीबाग थाना क्षेत्र के सुप्रिया सिनेमा चौक के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक फाइनेंस कंपनी के कर्मी ने बीच सड़क एक बाइक को जबरन रोक लिया. दिनदहाड़े व्यस्त चौक पर अचानक शुरू हुए इस घटनाक्रम ने देखते ही देखते हाई-वोल्टेज ड्रामे का रूप ले लिया और कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

चश्मदीदों के मुताबिक, किस्त बकाया होने के कारण फाइनेंस कर्मी ने बाइक को रोका और दबाव बनाने लगा. बाइक पर सवार महिला ने जब इसका विरोध किया तो फाइनेंस कर्मी का रवैया और आक्रामक हो गया. इसी बात से नाराज महिला का गुस्सा फूट पड़ा और उसने सरेआम फाइनेंस कर्मी की कॉलर पकड़ ली. इसके बाद बीच सड़क हाथापाई शुरू हो गई, जिसमें महिला ने फाइनेंस कर्मी को थप्पड़ भी जड़ दिए. यह पूरा घटनाक्रम करीब एक घंटे तक चलता रहा, जिससे इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

क्या है पूरा मामला?

बताया जा रहा है कि संबंधित मोटरसाइकिल फाइनेंस पर ली गई थी और पिछले दो महीनों से किस्त जमा नहीं हो पाई थी. इसी को लेकर फाइनेंस कर्मी ने सड़क पर ही वसूली करने की कोशिश की. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की जबरन वसूली और सार्वजनिक स्थानों पर दबंगई पहले भी देखने को मिलती रही है, लेकिन इस बार मामला हाथापाई तक पहुंच गया.

घटना के दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक माहौल गर्म बना रहा. इसी बीच किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सड़क पर फाइनेंस कर्मी और महिला के बीच विवाद बढ़ता चला गया और मामला मारपीट में तब्दील हो गया.

मौके पर पहुंची पुलिस, दोनों पक्षों को थाने लाया गया

वीडियो वायरल होने के बाद कालीबाग थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया. थाने में दोनों से पूछताछ के बाद आपसी समझौते के आधार पर मामला शांत कराया गया और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर छोड़ दिया गया.

पुलिस ने इस घटना के बाद फाइनेंस कंपनियों के कर्मियों को सख्त चेतावनी दी है कि सड़क पर वाहन रोककर किस्त वसूली करना कानून के खिलाफ है. किसी भी प्रकार की जबरन वसूली, धमकी या दबाव बनाने की कार्रवाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. पुलिस का स्पष्ट कहना है कि फाइनेंस से जुड़े मामलों में एक निर्धारित कानूनी प्रक्रिया होती है और उसका उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी.

Advertisement

(बेतिया से जितेंद्र कुमार की रिपोर्ट)

Featured Video Of The Day
India-US Trade Deal से Dairy Products की Demand पर कितना फर्क पड़ेगा? Amul के MD ने क्या बताया?
Topics mentioned in this article