ब‍िहार: वैशाली में व‍िज‍िलेंस की टीम का एक्‍शन, 50 हजार घूस लेते सरकारी अमीन रंगे हाथों ग‍िरफ्तार

सरकारी अमीन पर आरोप है जमीन नापने के बदले 3 लाख 60 हजार रुपये की ड‍िमांड की थी. पीड़‍ित ने विशेष विजिलेंस यूनिट से इसकी श‍िकायत कर दी. 

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
विजिलेंस ने सरकारी अमीन को घूस लेते रंगे हाथों पकड़ लिया.

बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ विशेष विजिलेंस यूनिट (SVU) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की है. वैशाली के लालगंज अंचल कार्यालय में तैनात सरकारी अमीन सुजीत कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है. आरोपी अमीन जमीन की मापी और परिमार्जन (Rectification) के बदले लाखों रुपये की मांग कर रहा था. इस कार्रवाई के बाद से राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है. 

जमीन नापने के लिए आवेदन किया था 

स्पेशल विजिलेंस यूनिट  के अपर पुलिस महानिदेशक पंकज कुमार दाराद ने बताया कि जिले के सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत इनायतपुर प्रबोधी सराय निवासी आनंद कुमार और लालगंज थाना क्षेत्र के मुर्गीयाचक निवासी पप्पू कुमार ने विशेष निगरानी इकाई पटना में शिकायत दर्ज कराई थी.  शिकायत में कहा गया था कि दोनों ने जमीन के परिमार्जन के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया था. काम करने के बदले अंचल अमीन सुजीत कुमार रिश्वत मांग रहा है. 

3 लाख 60 हजार रिश्वत मांगी 

शिकायत के अनुसार पप्पू कुमार के 6 हिस्से वाली जमीन की मापी एवं परिमार्जन के लिए तीन लाख रुपये और आनंद कुमार से 60 हजार रुपये रिश्वत मांगी गई थी. लगातार दबाव बनाए जाने के बाद पीड़ितों ने इसकी शिकायत की. विशेष निगरानी इकाई ने शिकायत मिलने के बाद मामले का गोपनीय सत्यापन कराया. जांच में पुष्‍ट‍ि होने पर एसवीयू थाना में मामला दर्ज हुआ. 

रंगे हाथों गिरफ्तार, पूछताछ हो रही  

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस उपाधीक्षक चन्द्रभूषण के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया. योजना के तहत पप्पू कुमार को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये लेकर आरोपी के पास भेजा गया. जैसे ही सुजीत कुमार ने रुपये स्वीकार किए, पहले से तैनात निगरानी टीम ने उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: हर मामले में 'मुख्यमंत्री की प्रेरणा' क्यों बोलते हो... शुभेंदु ने बंगाल में अधिकारियों की कस दी नकेल, ले रहे धड़ाधड़ फैसले

Featured Video Of The Day
PM Modi Appeal to nation: एक तरफ PM Modi की अपील, दूसरी तरफ Vijay बांट रहे Gold | Sucherita Kukreti