चकमा देकर अधिकारी थाने से फरार, अवैध खनन के मामले में पुलिस हिरासत में था आरोपी

फरार आरोपी खनन निरीक्षक की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी भी की जा रही है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
प्रतीकात्मक तस्वीर

बिहार के गोपालगंज जिले में पुलिस हिरासत से अधिकारी फरार हो गया. सरकारी अधिकारी के फरार होने की घटना ने महकमे में भी हड़कंप मचा दिया है. मामला यादोपुर थाना क्षेत्र का है. गंडक नदी में अवैध बालू खनन के केस में खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक को भी हिरासत में लिया था. शुक्रवार (20 मार्च) की शाम अधिकारी आरोपी को हिरासत में लिया, लेकिन अब वो फरार है. वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि फरार खनन निरीक्षक की गिरफ्तारी के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे दोबारा पकड़ लिया जाएगा.

रात में भाग गया आरोपी

जिला पदाधिकारी पवन कुमार सिन्हा के निर्देश पर कार्रवाई को अंजाम दिया गया था. आरोपी को थाने लाकर पुलिस निगरानी में रखा गया था, लेकिन इसी दौरान रात को आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया. गोपालगंज के जिलाधिकारी पवन कुमार सिन्हा ने बताया कि शुक्रवार को बालू घाटों का निरीक्षण किया गया, जिसमें गंभीर अनियमितताएं सामने आईं. इसी कार्रवाई के दौरान खनन निरीक्षक सौरभ अभिषेक की भूमिका संदिग्ध पाई गई, जिसके बाद उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया.

खनन माफियाओं के खिलाफ तेज हुई कार्रवाई

दरअसल, गोपालगंज में गंडक नदी के किसी भी घाट के लिए फिलहाल बालू खनन का टेंडर नहीं हुआ है. इसके बावजूद लंबे समय से अवैध तरीके से बालू उठाव जारी था. इस पर रोक लगाने के लिए डीएम ने उच्चस्तरीय बैठक कर सभी अधिकारियों को घाटों की सघन जांच के निर्देश दिए थे. इसके बाद जिला खनिज विकास पदाधिकारी अनिल कुमार ने जादोपुर थाने में खनन निरीक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी.

पुलिस हिरासत से फरार आरोपी खनन निरीक्षक की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं. संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी भी की जा रही है. साथ ही जिले के सीमावर्ती इलाकों में भी चौकसी बढ़ा दी गई है, ताकि आरोपी फरार होकर बाहर न निकल सके. जिलाधिकारी ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध खनन किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी. 

Advertisement

 

Featured Video Of The Day
Bengal Election Results 2026: TMC उम्मीदवार जहांगीर खान के दफ्तर में तोड़फोड़ | Breaking News