फिलीपींस की सारा बनी बिहार के ऋषि की दुल्हनियां, विदेशी बहू को देखने के लिए उमड़ी भीड़, देखें तस्वीरें

बिहार के मुंगेर में फेसबुक वाला प्यार परवान चढ़ा, जहां फिलीपींस की सारा सात समंदर पार कर अपने प्रेमी ऋषि से शादी करने पहुंची. मंदिर में महादेव के सामने दोनों ने हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे लिए और उम्र भर साथ निभाने का वादा किया. मुंगेर से मिथुन कुमार की रिपोर्ट

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

Bihar News: कहते हैं जोड़ियां स्वर्ग में बनती हैं और अब यह बात सच होती दिखाई दे रही है. बिहार के मुंगेर के असरगंज निवासी ऋषि, जो पेशे से एशियन पेंट्स में इंजीनियर हैं उनकी दोस्ती 7 साल पहले फेसबुक के जरिए फिलीपींस की सारा से हुई थी. जो दोस्ती चैटिंग से शुरू हुई थी वह धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने एक साथ जीवन बिताने का फैसला किया है.

पंचवदन मंदिर में गूंजी शहनाई

मुंगेर के हवेली खड़गपुर स्थित ऐतिहासिक पंचवदन मंदिर में दोनों ने महादेव को साक्षी मानकर हिंदू रीति-रिवाज से शादी की. मंदिर के पुजारी ने पूरे विधि-विधान से मंत्रोच्चार के बीच विवाह संपन्न कराया. ऋषि ने बताया कि उनके एक मित्र ने भी इसी मंदिर में शादी की थी जिससे प्रेरित होकर उन्होंने अपनी विदेशी दुल्हनिया के साथ यहाँ सात जन्मों के बंधन में बंधने का निर्णय लिया.

भारतीय संस्कृति के रंग में रंगी विदेशी दुल्हन

शादी के दौरान सारा पूरी तरह भारतीय लिबास में नजर आईं और उन्होंने यहां की परंपराओं का खूब आनंद लिया. वरमाला के बाद उन्होंने भारतीय संस्कृति का मान रखते हुए अपने पति ऋषि के पैर छूकर आशीर्वाद लिया. सारा भारत के रहन-सहन और यहाँ की संस्कृति से इतनी प्रभावित हैं कि उनके चेहरे पर इसकी खुशी साफ झलक रही थी.

विदेशी बहू को देखने उमड़ा जनसैलाब

जैसे ही यह खबर फैली कि एक विदेशी लड़की मुंगेर के लड़के से शादी करने आई है, मंदिर परिसर में लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. हर कोई इस अनोखी जोड़ी को देखने और आशीर्वाद देने के लिए बेताब दिखा. ऋषि के परिवार में उत्सव का माहौल है और अब सोमवार को 'बहु भोज' (रिसेप्शन) का आयोजन किया जा रहा है ताकि सारा को भारतीय समाज और पारिवारिक जिम्मेदारियों से रूबरू कराया जा सके.

Advertisement

यह भी पढ़ें- झुलसते राजस्थान को मिलेगी बड़ी राहत, चूरू-झुंझुनू और सीकर में आंधी और बारिश का अलर्ट; जानें आगे का मौसम  

Featured Video Of The Day
Washington Hotel Firing: Donald Trump पर हमला, किस बात का बदला? | NDTV India | USA