Bihar: बोहनी के टाइम नहीं दिया उधार का सत्तू, दबंगों ने भाई-बहन को चाकू से गोदा; जांच में जुटी पुलिस

बिहार के गोपालगंज में उधार का सत्तू नहीं देने पर दबंगों ने दुकानदार और उसकी बहन पर चाकू से हमला कर दिया. दोनों गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के पीछे पुरानी रंजिश भी सामने आई है, पुलिस जांच में जुटी है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
गोपालगंज में उधार का सत्तू नहीं देने पर दबंगों ने दुकानदार और उसकी बहन पर चाकू से हमला कर दिया.

Bihar News: बिहार के गोपालगंज जिले में एक मामूली बात ने खौफनाक रूप ले लिया. उधार में सत्तू नहीं देने पर कुछ दबंगों ने सत्तू बेचने वाले दुकानदार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में दुकानदार के साथ उसकी बहन भी गंभीर रूप से घायल हो गई. दोनों को तुरंत सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है.

बोहनी के समय शुरू हुआ विवाद

घटना नगर थाना क्षेत्र के गंडक कॉलोनी के पास की है. घायल दुकानदार किशन कुमार ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दुकान पर बैठा था. सुबह का समय था और बोहनी चल रही थी. तभी कुछ परिचित युवक दुकान पर पहुंचे और उधार में सत्तू मांगने लगे. जब किशन कुमार ने बोहनी का हवाला देते हुए उधार देने से मना किया, तो विवाद शुरू हो गया.

बीच बचाव करने आई बहन पर भी किया हमला

विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने अचानक चाकू निकालकर किशन कुमार पर हमला कर दिया. शोर सुनकर पास में मेडिकल दुकान चला रही उसकी बहन मौके पर पहुंची और बीच बचाव करने लगी. लेकिन हमलावरों ने उसे भी नहीं छोड़ा और चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इस हमले से इलाके में दहशत फैल गई.

पुराने विवाद की भी सामने आई वजह

पीड़ित के अनुसार हमला करने वालों में गुफरान, परवेज, जीशू और उनके कुछ साथी शामिल हैं. उसने बताया कि इन लोगों से पहले भी झगड़ा हो चुका है और वे जेल भी जा चुके हैं. करीब छह महीने पुरानी रंजिश के चलते ही वे उससे नाराज चल रहे थे. जेल से बाहर आने के बाद ही वे दुकान पर पहुंचे और घटना को अंजाम दिया.

Advertisement

पुलिस की जांच जारी

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. पीड़ित की शिकायत पर नगर थाना पुलिस ने फर्द बयान दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें- राजस्थान की सियासत में पाक की एंट्री! मदन राठौड़ ने पूछा- क्या गहलोत पाकिस्तान की पैरवी कर रहे हैं?

Advertisement
Featured Video Of The Day
Iran का Saudi Arab पर हमला, प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर मिसाइल दागी, 10 अमेरिकी सैनिक घायल | BREAKING