Bihar: '75 हजार कमाता है बेटा, पुलिस हमारे घर में है...' बेतिया में बेटी ढूंढने निकले पिता को दरोगा के परिवार ने धमकाया

बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बेतिया में एक दरोगा पर नाबालिग छात्रा के अपहरण का गंभीर आरोप लगा है. पीड़िता के पिता ने साठी थाने में एफआईआर दर्ज कराई है कि आरोपी के परिजनों ने लाठी-डंडे और फरसा लेकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
Bihar Crime News
NDTV

Bihar News: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के साठी थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर मामला प्रकाश में आया है, जहां देहरादून में तैनात सीआईएसएफ (CISF) के एक दरोगा पर नाबालिग लड़की को अगवा करने का आरोप लगा है. इस घटना के बाद पीड़ित पिता ने साठी थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है, लेकिन आरोपी दरोगा फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से बाहर है.

पढ़ाई करने गई थी छात्रा, रास्ते से हुई गायब

साठी थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, पीड़ित की नाबालिग बेटी बेतिया के बानुछापर कृष्णा नगर में एक किराए का कमरा लेकर पढ़ाई करती थी. घटना के दिन जब वह अपने कमरे से बाहर निकली, तभी उनके ही पैतृक गांव के प्रमोद ठाकुर के बेटे धामू ठाकुर ने उसे रास्ते से अगवा कर लिया. पीड़ित पिता ने अपनी शिकायत में बताया कि अपहरण के बाद जब किसी तरह मेरी बेटी से फोन पर बात हो सकी, तो उसने रोते हुए बताया कि धामू ठाकुर ने उसे अगवा कर लिया है. उस बातचीत के बाद से ही मेरी बेटी का फोन बंद आ रहा है और उससे हमारा कोई संपर्क नहीं हो पाया है.

हथियार लेकर घर धमकाने पहुंचे आरोपी के परिजन

नाबालिग के पिता का आरोप है कि बेटी के लापता होने के बाद जब उन्होंने इसकी खोजबीन शुरू की, तो 24 मई 2026 की शाम करीब 4 बजे आरोपी के पिता प्रमोद ठाकुर, नीतीश ठाकुर और उनके साथ कई अन्य लोग लाठी, डंडा, फरसा और भाला लेकर उनके दरवाजे पर आ धमके. आरोपियों ने पूरे परिवार को भद्दी-भद्दी गालियां दीं और पुलिस के पास न जाने का दबाव बनाया.

आरोपी दरोगा के परिवार ने जान से मारने की दी धमकी

पीड़ित का आरोप है कि दबंगों ने उन्हें धमकी देते हुए कहा कि अगर पुलिस या प्रशासन के पास गए तो पूरे परिवार को जान से मार देंगे. हमारा बेटा धामू CISF में दरोगा है और महीने का 75,000 रुपये कमाता है. हम पुलिस-प्रशासन से नहीं डरते, प्रशासन तो हमारे घर में रहता है.

Advertisement

मामले की जांच में जुटी पुलिस

बता दें की धामू ठाकुर CISF में पुलिस अवर निरीक्षक के पद पर देहरादून में तैनात है. साठी थानाध्यक्ष राजन कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग लड़की के अपहरण का आवेदन प्राप्त हुआ है, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस की शुरुआती जांच में प्रथम दृष्ट्या यह मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है. फिलहाल पुलिस टीम लड़की की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर छानबीन कर रही है.

यह भी पढ़ें: राजस्थान हाइकोर्ट ने पॉक्सो केस के आरोपी को सोशल मीडिया की शर्त पर दी जमानत, मोबाइल या ई-मेल बदलना पड़ेगा भारी

Advertisement
Featured Video Of The Day
US-Iran War: Mojataba Khamenei की खुली धमकी! खाड़ी देशों को दिया ये अल्टीमेटम! | News Headquarter
Topics mentioned in this article