बिहार: खेल-खेल में नदी के अंदर जा गिरी गेंद, निकालने गए दो मासूमों की पानी में डूबने से मौत

बिहार के औरंगाबाद में बटाने नदी में गेंद निकालने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. इस हादसे ने तिताई बिगहा गांव के दो परिवारों के चिराग बुझा दिए जिससे पूरे क्षेत्र में सन्नाटा और मातम पसरा है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
बिहार के औरंगाबाद में बटाने नदी में गेंद निकालने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई

Bihar News: बिहार के औरंगाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खेल-खेल में दो मासूमों की जान चली गई. मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पवई गांव के पास बटाने नदी में डूबने से दो सगे संबंधी बच्चों की मौत हो गई. इस हादसे के बाद तिताई बिगहा गांव में चीख-पुकार मची है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है.

खेलते समय बटाने नदी में जा गिरी थी गेंद

जानकारी के अनुसार तिताई बिगहा निवासी अनीश कुमार का 6 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार और राजकुमार का 10 वर्षीय पुत्र आर्या कुमार अपने साथियों के साथ गांव के पास एक मैदान में क्रिकेट खेल रहे थे. खेल के दौरान अचानक गेंद उछलकर पास ही बह रही बटाने नदी में जा गिरी. गेंद निकालने के उत्साह में तीन बच्चे नदी में उतर गए. उन्हें इस बात का अंदाज़ा नहीं था कि नदी में पानी कितना गहरा है.

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

जैसे ही बच्चे नदी के बीच की ओर बढ़े वे गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे. बच्चों को डूबता देख वहां मौजूद अन्य साथियों ने शोर मचाना शुरू किया. उसी समय कोचिंग से पढ़कर लौट रहे गुड्डू कुमार नामक युवक ने बच्चों की चीख-पुकार सुनी. गुड्डू ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी. ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे को तो सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया लेकिन तब तक शिवम और आर्या पानी की गहराई में समा चुके थे.

अस्पताल पहुंचने से पहले ही थम गई सांसें

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों को बाहर निकाला और परिजन उन्हें लेकर तुरंत सुंदरगंज के एक निजी अस्पताल पहुंचे. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने गहन जांच के बाद दोनों मासूमों को मृत घोषित कर दिया. मृतक आर्या के पिता पंप की दुकान चलाते हैं जबकि शिवम के पिता किसान हैं. स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से शोकाकुल परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है.

Advertisement

यह भी पढ़ें- राजस्थान से कौन-कौन नेता बंगाल सीएम के शपथग्रहण में होंगे शामिल? देखें सबके नाम

Featured Video Of The Day
Khan Sir Coaching News: कौन है Khan Sir का जानी दुश्मन? | Bihar News | Mic On Hai | NDTV India