Bihar News: बिहार के अरवल जिले से प्यार के जुनून की एक ऐसी कहानी सामने आई है जिसने पूरे प्रशासन को घंटों तक नचा कर रख दिया. एक युवती अपने प्यार को पाने की जिद में मोबाइल टावर पर जा चढ़ी और न्याय की गुहार लगाने लगी. फिल्मी अंदाज में हुए इस हाई वोल्टेज ड्रामे को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा जा सका.
क्या है पूरा मामला?
पूरी घटना करपी थाना क्षेत्र के रामकिशुन बीघा गांव की है. शुक्रवार को खजूरी गांव की रहने वाली 25 वर्षीय खुशबू कुमारी अचानक गांव के ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. खुशबू का गांव के ही रहने वाले पप्पू पासवान के साथ बचपन से प्रेम प्रसंग चल रहा था. हालांकि सामाजिक दबाव के कारण साल 2021 में खुशबू की शादी पटना के दुल्हन बाजार में कर दी गई थी.
शादी के बाद प्रेमी संग हुई थी फरार
बताया जा रहा है कि शादी के कुछ ही महीनों बाद खुशबू अपने प्रेमी पप्पू के साथ जहानाबाद भाग गई थी. वहां दोनों ने मंदिर में शादी रचाई और साथ रहने लगे. कहानी में मोड़ तब आया जब पप्पू के परिजनों ने उस पर दूसरी शादी करने का दबाव बनाया और पप्पू दूसरी शादी के लिए तैयार हो गया. अपने साथ हुए इस धोखे से आहत होकर खुशबू ने आत्मघाती कदम उठाया और टावर पर चढ़ गई.
प्रशासन ने काट दी बिजली, मौके पर बुलाना पड़ा दमकल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई. मौके पर अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग और एंबुलेंस की तैनाती की गई. जब स्थानीय पुलिस युवती को समझाने में नाकाम रही तो पुलिस उपाधीक्षक कृतिकमल ने कमान संभाली. उन्होंने मोबाइल के जरिए खुशबू से करीब डेढ़ घंटे तक लंबी बात की और उसे उचित न्याय का भरोसा दिलाया.
थाने में चल रही सुलह की कोशिश
पुलिस के आश्वासन के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतरी तब जाकर अधिकारियों ने राहत की सांस ली. फिलहाल पुलिस ने खुशबू को सुरक्षित थाने में रखा है. पुलिस अब पप्पू पासवान और उसके परिजनों को बुलाकर मामले को सुलझाने का प्रयास कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों की बात सुनकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी ताकि ऐसी स्थिति दोबारा पैदा न हो.
यह भी पढ़ें- नीमराना के कबाड़ गोदाम में जिंदा जली 4 जिंदगिया, खाना देने गई 7 साल की आरुषि की भी आग ने ली जान














