बिहार के भोजपुर जिले में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने खुशियों को मातम में बदल दिया. गड़हनी थाना क्षेत्र के रतनाढ़ गांव में रविवार रात बारात के स्वागत के दौरान खुलेआम 'हर्ष फायरिंग' से एक किशोर समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है. शादी समारोह में डीजे की धुन पर झूम रहे बारातियों के बीच कुछ युवकों ने हवा में फायर करना शुरू कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक एक गोली पास खड़े किशोर को लग गई. वह तुरंत जमीन पर गिर पड़ा. कुछ ही पलों बाद दूसरी गोली एक अन्य बाराती को लगी. दोनों खून से लथपथ होकर गिर पड़े.
गांव में पसरा सन्नाटा
जिस माहौल में कुछ मिनट पहले तक हंसी-खुशी और संगीत गूंज रहा था, वह अचानक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया. महिलाएं चिल्लाने लगीं, बच्चे रोने लगे और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. पूरा गांव सन्नाटे में डूब गया. दोनों घायलों को तुरंत आरा के अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है. डॉक्टरों का कहना है कि किशोर की हालत बेहद गंभीर है.
फायरिंग के बाद युवक मौके से फरार
फायरिंग करने वाले युवक मौके से फरार हो गए. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर दी है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. बिहार में हर्ष फायरिंग पर पूर्ण प्रतिबंध है, लेकिन इसके बावजूद बार-बार ऐसी घटनाएं सामने आ रही हैं. स्थानीय लोग प्रशासनिक मुस्तैदी पर सवाल उठा रहे हैं और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
यह भी पढ़ेंः RG कर अस्पताल में बेटी का कत्ल, इंसाफ की आस और सियासी इंतकाम, बंगाल के पानीहाटी से मैदान में अभया की मां














