भागलपुर के सुल्तानगंज नगर परिषद के चेयरमैन राजकुमार गुड्डू की शनिवार (9 मई) को मौत हो गई. गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल होने के बाद पटना स्थित मेदांता हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा था. चेयरमैन के शव को पटना से पुलिस एस्कॉर्ट के साथ जिले की सीमा तक लाया जाएगा, जहां से भागलपुर पुलिस उसे पैतृक आवास तक पहुंचाएगी. 28 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे 3 बदमाश हथियार लेकर नगर परिषद ऑफिस में घुस गए थे. उस समय चेयरमैन राजकुमार गुड्डू और एग्जीक्यूटिव ऑफिसर कृष्णा भूषण मीटिंग कर रहे थे. अपराधियों ने घुसते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. कृष्णा भूषण को गोली लगने से मौके पर मौत हो गई थी.
मुख्य आरोपी एनकाउंटर में ढेर
सीसीटीवी फुटेज में मुख्य आरोपी रामधनी यादव की पहचान हुई है. रामधनी डिप्टी चेयरमैन नीलम देवी का पति है. बताया जा रहा है कि उसने टेंडर विवाद के चलते साजिश को अंजाम दिया. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी की तो हथियार बरामदगी के दौरान अपराधियों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में रामधनी यादव मारा गया, जबकि डीएसपी समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हुए थे.
चैंबर से बाहर घसीटकर अधिकारी को मारी थीं गोलियां
पूरा खौफनाक मंजर सीसीटीवी में कैद हो गया, जिसमें करीब 3 से 5 बदमाश अपराधी हाथ में झोला लेकर चैंबर में दाखिल होते दिख रहे हैं. पिस्टल देखते ही कार्यालय में भगदड़ मच गई थी. जब बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की तो कृष्णा भूषण कुमार अपराधियों से भिड़ गए.
बदमाशों ने उन्हें चैंबर से बाहर खींचकर चार गोलियां मारी थीं. राजकुमार गुड्डू भी को भी गोली लगी और गोली उनके फेफड़े में फंस गई थी. इसके चलते उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी.
100 करोड़ रुपये की जमीन पर कब्जे का भी मामला
शूटआउट के मास्टरमांइड रामधनी यादव पर अजगैबीनाथ ट्रस्ट की जमीन पर कब्जा करने का भी आरोप है. कुल 50 एकड़ जमीन की करीब 100 करोड़ रुपये की जमीन पर कब्जे का चेयरमैन गुड्डू विरोध कर रहे थे. इसी के चलते दोनों के बीच विवाद हो गया था. हालांकि, बताया यह भी जा रहा है कि दोनों के बीच वर्चस्व की लड़ाई भी थी.
यह भी पढ़ेंः शादी के दिन ही उठी दुल्हन की अर्थी, जयमाला से पहले प्रेमी के साथ खाया जहर, बैरंग लौटी बारात














