Bihar News: बिहार के बेगूसराय जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां के मोख्तियारपुर पंचायत स्थित भावा बहियार में आज यानी गुरुवार को भीषण अग्निकांड ने तांडव मचाया. बिजली के ट्रांसफार्मर से निकली एक छोटी सी चिंगारी और तेज हवाओं ने देखते ही देखते लगभग 30 से 35 बीघा में खड़ी लहलहाती गेहूं की फसल को राख के ढेर में तब्दील कर दिया.
ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी से लगी आग
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी से लगी आग तेज हवाओं के कारण तेजी से फैल गई. देखते ही देखते करीब 30 से 35 बीघा जमीन पर लगी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई. जैसे ही आस-पास के गांव वालों को घटना की जानकारी मिली, वे तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश करने लगे. गांव वालों की अथक कोशिशों से आग पर काबू पा लिया गया, नहीं तो यह आग आस-पास के दूसरे गांवों और पंचायतों में भी फैल सकती थी. इस आग ने विशनपुर, बदिया, मोख्तियारपुर समेत कई गांवों के किसानों की फसलें जला दीं.
ग्रामीणों का साहस, दमकल की देरी
आग की लपटें देख आसपास के गांवों में कोहराम मच गया। सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की जद्दोजहद शुरू की। ग्रामीणों के साहस और अथक परिश्रम के कारण आग को आगे बढ़ने से रोका जा सका, वरना यह आपदा कई और पंचायतों को अपनी चपेट में ले सकती थी। घटना की सूचना के काफी देर बाद मिनी अग्निशमन दस्ता मौके पर पहुंचा और अवशेष आग को बुझाया.
बटाईदार किसानों पर टूटा दुखों का पहाड़
वही इस घटना के संबंध में मोख्तियारपुर पंचायत के पंचायत समिति सदस्य उमेश दास ने बताया कि इस अग्निकांड में विशनपुर,बदिया मोख्तियारपुर सहित अन्य गांव के किसानों का गेहूं का फसल जलकर राख हो गई है. उन्होंने बताया कि प्रभावित किसानों में करीब 90 प्रतिशत वे हैं, जिन्होंने बटाई या ठेका पर जमीन लेकर खेती की थी,जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर भी भारी असर पड़ा है.
यह भी पढ़ें: हिमाचल के धरोंल जंगल में दिखा 'सफेद साया', उड़े वन विभाग के होश, कैमरे से हर मूवमेंट की हो रही निगरानी














