बिहार में दिनदहाड़े 20 लाख की लूट... 10 राउंड फायरिंग, लोगों ने एक अपराधी को दबोचा

अपराधियों के हौसले का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पुलिस गश्ती से महज चंद कदमों की दूरी पर बुधवार को दिनदहाड़े करीब 20 लाख रुपए के सोने-चांदी की लूट को अंजाम दे दिया गया. 

विज्ञापन
Read Time: 3 mins
सीवान में दिनदहाड़े लूट
Bihar News:

सीवान जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते दिख रहे हैं. हाल ही में जिले में पिता-पुत्र पर हमला किया गया था, जिसमें पुत्र की मौत हो गई जबकि पिता की मौत की खबर भी सामने आ रही है. वहीं दूसरी ओर बुधवार (6 मई) को दिनदहाड़े लूट का मामला सामने आया है. अपराधियों के हौसले का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पुलिस गश्ती से महज चंद कदमों की दूरी पर बुधवार को दिनदहाड़े करीब 20 लाख रुपए के सोने-चांदी की लूट को अंजाम दे दिया गया. 

घटना जीरादेई थाना क्षेत्र के जामापुर बाजार स्थित ओम साई वर्तन भंडार की है. जहां हथियारबंद अपराधियों ने न केवल लूटपाट की बल्कि दहशत फैलाने के लिए करीब 10 राउंड फायरिंग भी की.

लूट के बाद अंधाधुंध फायरिंग

बता दें कि दो अपाचे बाइक पर सवार पांच अपराधी दुकान में घुसे और हथियार के बल पर करीब 300 ग्राम सोना लगभग 9 किलो चांदी और नकदी लूट ली. वारदात के बाद अपराधियों ने बाजार में अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जिससे पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई.

एक अपराधी को लोगों ने दबोचा

हालांकि इस दौरान दुकानदारों और ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए एक अपराधी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. बाकी अपराधी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए. दुकान के मालिक टिंकू सोनार ने बताया कि लग्न के मौसम को देखते हुए दुकान में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के गहने रखे गए थे. जिन्हें अपराधियों ने लूट लिया. उन्होंने पांच अज्ञात अपराधियों के खिलाफ लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है.

Advertisement

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

इस संबंध में थानाध्यक्ष राहुल तिवारी ने बताया कि सोने-चांदी की लूट की घटना हुई है. एक अपराधी को गिरफ्तार कर लिया गया है. जिससे पूछताछ जारी है. उसके आधार पर जल्द ही बाकी अपराधियों की गिरफ्तारी और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की जाएगी.

हालांकि घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है. क्योंकि लगातार अपराधिक घटनाएं हो रही है. ऐसे में पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.

Advertisement

यह भी पढ़ेंः बिहार: स्कूल में लोहे की ग्रिल गिरने से 8 वीं के मासूम छात्र की मौत, ग्रामीणों ने हेडमास्टर को बनाया बंधक

Featured Video Of The Day
Vijay oath ceremony controversy: CM पद की शपथ में अचानक भाषणबाजी करने लगे विजय, राज्यपाल ने टोका
Topics mentioned in this article