विज्ञापन

छठी मइया के दरबार में कोई वीआईपी नहीं, डूबते सूरज को भी मिलता है सम्मान, नए छठ गीत में छिपा जिंदगी का बड़ा संदेश

Chhath Song 2026: छठ महापर्व पर गीतकार मनोज भावुक के नए छठ गीत 'सबसे अनोखा बाड़ी जग में छठी मइया हमार' को गायिका सिमरन श्रुति ने अपनी आवाज दी है. गाना समानता का संदेश देता है.

छठी मइया के दरबार में कोई वीआईपी नहीं, डूबते सूरज को भी मिलता है सम्मान, नए छठ गीत में छिपा जिंदगी का बड़ा संदेश
Chhath Song 2026: छठ महापर्व पर छठ गीत 'सबसे अनोखा बाड़ी जग में छठी मइया हमार' रिलीज
youtube
नई दिल्ली:

Chhath Song 2026: छठ महापर्व पर भोजपुरी में एक ऐसा गीत आया है, जो सिर्फ छठी मइया की महिमा नहीं गाता, बल्कि सामाजिक समानता, इंसानियत और सम्मान का भी संदेश देता है. गीतकार मनोज भावुक के नए छठ गीत 'सबसे अनोखा बाड़ी जग में छठी मइया हमार' को गायिका सिमरन श्रुति ने अपनी आवाज दी है. गीत को इसके भावपूर्ण बोल और खास सामाजिक संदेश के लिए पसंद किया जा रहा है. छठ पूजा में जहां उगते सूरज को अर्घ्य देने की परंपरा है, वहीं डूबते सूरज की भी उतनी ही श्रद्धा से पूजा की जाती है. इसी परंपरा में जिंदगी का एक बड़ा फलसफा छिपा है. दुनिया अक्सर कामयाबी के शिखर पर पहुंचे लोगों का सम्मान करती है, लेकिन छठ हमें सिखाता है कि ढलते सूरज का भी उतना ही सम्मान होना चाहिए. मनोज भावुक ने अपने नए गीत में इसी भावना को बेहद खूबसूरती से पेश किया है.

यह भी पढ़ें: काजल राघवानी ने कहा 'भूल चूक माफ', निरहुआ नेटफ्लिक्स सीरीज की शूटिंग में व्यस्त, खेसारी लाल के छठ गीत की धूम

छठी मइया के दरबार में न कोई बड़ा, न कोई छोटा

गीत की सबसे खास बात इसका सामाजिक संदेश है. इसमें बताया गया है कि छठी मइया के दरबार में कोई वीआईपी नहीं होता. अमीर हो या गरीब, बड़ा हो या छोटा, हर किसी के लिए घाट पर एक समान स्थान है. छठ का पर्व जाति, वर्ग और ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर लोगों को एक साथ जोड़ता है. गीत के मुखड़े में कहा गया है:
'सबसे अनोखा बाड़ी जग में, छठी मइया हमार
दुखवा मिटावेली सबके, सबके सुनेली पुकार'

भोजपुरी में छठ पूजा, पंडित और संस्कृत मंत्रों की अनिवार्यता नहीं

मनोज भावुक ने गीत में छठ की लोकपरंपरा को भी जगह दी है. छठ पूजा की खूबसूरती इसकी सहजता में है. इस पर्व में आस्था व्यक्त करने के लिए संस्कृत के मंत्रों की अनिवार्यता नहीं है. भोजपुरी और बिहार की दूसरी लोकभाषाओं में गाए जाने वाले छठ गीत भी श्रद्धा की अभिव्यक्ति हैं. यहां व्रती की निष्ठा, पवित्रता और नियम सबसे महत्वपूर्ण हैं.

नदी से स्वीमिंग पूल तक पहुंचा छठ महापर्व

छठ अब बिहार और पूर्वांचल तक सीमित नहीं रह गया है. देश के अलग-अलग शहरों से लेकर विदेशों तक इसकी आस्था पहुंच चुकी है. गीत में इस बदलती तस्वीर को भी दिखाया गया है. कहीं नदी और तालाब में अर्घ्य दिया जाता है तो कहीं स्वीमिंग पूल या कृत्रिम जलाशयों में सूर्यदेव की आराधना होती है. जगह और सुविधाएं बदल सकती हैं, लेकिन छठी मइया के प्रति श्रद्धा नहीं बदलती.

मनोज भावुक के गीत को सिमरन श्रुति ने दी आवाज

इस भोजपुरी छठ गीत के बोल मनोज भावुक ने लिखे हैं, जबकि इसे सिमरन श्रुति ने गाया है. गीत में भक्ति के साथ लोकसंस्कृति, सामाजिक समरसता और मानवीय संवेदनाओं को जोड़ने की कोशिश की गई है. रचनाकार के मुताबिक, छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि प्रकृति, समानता और मानवीय मूल्यों से जुड़ा महापर्व है. ‘सबसे अनोखा बाड़ी जग में छठी मइया हमार' इसी सोच को भोजपुरी के सहज अंदाज में श्रोताओं तक पहुंचाता है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhath Song 2026, Chhath Geet, Bhojpuri Cinema, Hindi News, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com