उदित नारायण 90 के दशक के जाने माने सिंगर हैं, जिनके गाने पहला नशा, मेहंदी लगा के रखना, तुझे देखा तो ये जाना सनम, रुक जा ओ दिल दीवाने, हो गया है तुझको तो प्यार सजना, टिप टिप बरसा पानी और परदेसी परदेसी जाना नहीं जैसे गानों से दिग्गज सिंगर का खिताब अपने नाम किया. हालांकि हिंदी के अलावा उदित नारायण ने 30 से 36 भाषाओं में गाने गाए, जिसमें भोजपुरी के गाने भी शामिल है. इसमें निरहुआ का एक गाना भी शामिल है, जो सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहा है. इसमें उदित नारायण ने इंदु सोनाली के साथ मिलकर गाया था. इस गाने को सुनने के बाद फैंस भी तारीफ किए बिना नहीं रह पाए हैं.
उदित नारायण का भोजपुरी गाना
15,000 से ज्यादा गाने गा चुके उदित नारायण ने हिंदी, नेपाली, भोजपुरी, मैथिली, बंगाली, तमिल, तेलुगू, कन्नड़, ओड़िया, असमी, मलयालम, पंजाबी, सिंधी जैसे 30 से ज्यादा भाषाओं में गाने गए हैं. वहीं हम जिस भोजपुरी गाने की बात कर रहे हैं उसका नाम है चांद जइसन चेहरा, जिसे 2007 में आई फिल्म निरहुआ रिक्शावाला में दिनेश लाल यादव और पाखी हेगड़े पर फिल्माया गया था.
निरहुआ और उदित नारायण का गाना
चांद जइसन चेहरा को इंदु सोनाली और उदित नारायण ने गाया था. जबकि राजेश रजनीश ने कंपोज किया था और गीतकार श्याम देहाती ने बोल लिखे थे.
चांद जइसन चेहरा की लाइनें
“के चांद जइसन चेहरा तोहार, दिल हमार ले गईल”
यह रोमांटिक गाना है, जिसमें निरहुआ अपनी प्रेमिका के चेहरे की तारीफ करते हुए चांद से तुलना करते हैं और कहते हैं कि उनके चेहरे ने उनका दिल चुरा लिया. यूट्यूब पर यह गाना खूब पॉपुलर हुआ था. वहीं 19 साल बाद भी फैंस को यह काफी पसंद आ रहा है.
निरहुआ रिक्शावाला के बारे में
बता दें निरहुआ रिक्शावाला 2007 में आई थी, जिसका बजट 57 लाख था. फिल्म ने 10 से 13 गुना प्रॉफिट कमाते हुए 7 से 7.5 करोड़ का बिजनेस किया था. फिल्म में दिनेश लाल यादव और पाखी हेगड़े लीड रोल में थे, जिसने निरहुआ को सुपरस्टार का दर्जा दिला दिया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं