Aadit Hoi Na Sahay Chhath Song: छठ महापर्व में एक मां की प्रार्थना के पीछे अपने परिवार की खुशहाली और बच्चों की लंबी उम्र की कामना छिपी होती है. इसी भावना को भोजपुरी के नए छठ गीत (Chhath Geet) 'आदित होई ना सहाय' में दिखाने की कोशिश की गई है. वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के बैनर तले रिलीज हुए इस गाने में अभिनेत्री माही श्रीवास्तव (Mahi Shrivastava) अपनी भावपूर्ण अदाकारी से छठी मईया के प्रति एक मां की श्रद्धा और ममता को पर्दे पर उतारती नजर आ रही हैं. वहीं, शिवानी सिंह (Shivani Singh) की आवाज गीत को भक्तिमय रंग देती है.
यह भी पढ़ें: अक्षरा सिंह की छठ पूजा की गेस्ट लिस्ट आई सामने, बिहार के इस शहर में करेंगी पूजा, इन वीआईपी को भेजा न्योता
'आदित होई ना सहाय' में मां की ममता
'आदित होई ना सहाय' सिर्फ छठ पूजा की रस्मों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी कहानी में एक मां की भावनाओं और अपनी संतान के लिए उसकी प्रार्थना को जगह दी गई है. गीत में छठी मईया की महिमा और सूर्य देव की उपासना के जरिए परिवार की सुख-समृद्धि की कामना दिखाई गई है. माही श्रीवास्तव ने अपनी एक्टिंग से इस भावनात्मक पक्ष को सामने रखने की कोशिश की है. छठी मईया के सामने प्रार्थना करती मां की भूमिका में उनकी प्रस्तुति गीत के भाव को और गहरा बनाती है. वहीं, शिवानी सिंह की भक्तिमय आवाज छठ पर्व की पारंपरिक आस्था से श्रोताओं को जोड़ती है.
रत्नाकर कुमार ने बताई गाने की खासियत
वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के निर्माता रत्नाकर कुमार ने कहा कि छठ महापर्व हमारी संस्कृति और आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है. 'आदित होई ना सहाय' के जरिए छठी मईया के प्रति श्रद्धा और एक मां की अपने परिवार के लिए प्रार्थना को संगीत के माध्यम से पेश करने की कोशिश की गई है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह गीत दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाएगा. भोजपुरी एक्ट्रेस माही श्रीवास्तव ने भी इस गाने को अपने लिए भावुक अनुभव बताया. उनके मुताबिक, छठी मईया के प्रति श्रद्धा और एक मां की अपने बच्चों के लिए ममता को पर्दे पर दिखाना उनके लिए खास रहा.
यहां देखें छठ गीत 'आदित होई ना सहाय':
शिवानी सिंह की आवाज में गूंजा छठी मईया का जयकारा
गायिका शिवानी सिंह ने कहा कि छठ गीत गाना उनके लिए हमेशा श्रद्धा और भावनाओं से जुड़ा अनुभव रहा है. 'आदित होई ना सहाय' को गाते समय उनके मन में छठी मईया के प्रति विश्वास और परिवार की खुशहाली की कामना थी. उन्होंने प्रार्थना की कि छठी मईया सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आएं. छठ गीत 'आदित होई ना सहाय' का म्यूजिक आर्या शर्मा ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल एलसी प्रवीण ने लिखे हैं. गाने का निर्देशन गोल्डी जायसवाल ने किया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं