बिहार का महापर्व छठ सिर्फ आस्था और परंपरा का पर्व नहीं, बल्कि लोकगीतों की मिठास से भी जुड़ा है. चार दिनों तक चलने वाले इस त्योहार में छठी मैया के गीतों से लेकर सूर्य देव की आराधना तक, हर रस्म के साथ कोई न कोई पारंपरिक गीत सुनाई देता है. खासकर उगते सूर्य को अर्घ्य देने के दौरान कुछ गीत ऐसे हैं, जो सालों से लोगों की जुबान पर चढ़े हुए हैं. ऐसा ही एक लोकप्रिय छठ गीत बॉलीवुड की मशहूर गायिका अनुराधा पौडवाल ने अपनी आवाज में गाया था.
90 के दशक में रिकॉर्ड हुआ था यह छठ गीत
हम बात कर रहे हैं भोजपुरी के पारंपरिक गीत ‘निंदिया के मातल देव' की. साल 1998 में आए इस गीत को अनुराधा पौडवाल ने अपनी मधुर आवाज दी थी. करीब 28 साल बाद भी इसकी लोकप्रियता कम नहीं हुई है. छठ के दिनों में खासतौर पर सुबह के अर्घ्य के समय बिहार और पूर्वांचल के कई इलाकों में यह गीत सुनाई देता है. इस गीत की खासियत सिर्फ अनुराधा पौडवाल की आवाज नहीं, बल्कि इसके सरल और भावपूर्ण बोल भी हैं. यही वजह है कि यह नई पीढ़ी के बीच भी अपनी जगह बनाए हुए है.
सूर्य देव से जल्दी जागने की लगाई जाती है गुहार
‘निंदिया के मातल देव' के बोलों में छठ व्रतियों की श्रद्धा और इंतजार झलकता है. गीत के जरिए महिलाएं सूर्य देव को उनकी गहरी नींद से जागने के लिए पुकारती हैं. दरअसल, निर्जला व्रत रखने वाली महिलाएं सुबह-सुबह घाट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देने का इंतजार करती हैं. इस दौरान वे सूर्य देव से जल्द उदय होने की विनती करती हैं, ताकि उन्हें जल अर्पित कर सकें और अपनी पूजा पूरी कर सकें. गीत में छिपी यही भावना इसे छठ पूजा के सबसे खास पारंपरिक गीतों में शामिल करती है.
‘छठी मइया हमार' एल्बम में हुआ था शामिल
यह गीत अनुराधा पौडवाल के एल्बम ‘छठी मइया हमार' का हिस्सा था. पारंपरिक लोकधुन पर आधारित इस गीत को संगीतकार सुनील छैला बिहारी ने संगीत से सजाया था. अनुराधा की आवाज ने इसे ऐसी पहचान दी कि यह छठ पूजा के लोकप्रिय गीतों में गिना जाने लगा.
यूट्यूब पर भी इस गीत को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है और इसके व्यूज 70 लाख के पार पहुंच चुके हैं. अनुराधा पौडवाल के अलावा दूसरी गायिकाओं ने भी इस पारंपरिक गीत को अपनी आवाज में पेश किया है. हालांकि, 90 के दशक में रिकॉर्ड हुआ यह संस्करण आज भी छठ के मौके पर खूब पसंद किया जाता है.
ये भी पढ़ें: क्या निजी जिंदगी तय करेगी रामायण के किरदार? रणबीर, साईं पल्लवी और यश की कास्टिंग पर क्यों मचा बवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं