विज्ञापन

क्या निजी जिंदगी तय करेगी रामायण के किरदार? रणबीर, साई पल्लवी और यश की कास्टिंग पर क्यों मचा बवाल

रणबीर कपूर के राम और साईं पल्लवी की सीता को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है. सवाल सिर्फ कास्टिंग का नहीं, बल्कि इस बात का भी है कि क्या किसी कलाकार की निजी जिंदगी, विचार और छवि उसके निभाए जाने वाले किरदार का पैमाना बननी चाहिए?

क्या निजी जिंदगी तय करेगी रामायण के किरदार? रणबीर, साई पल्लवी और यश की कास्टिंग पर क्यों मचा बवाल
रामायण की कास्टिंग बनी बहस का मुद्दा, राम-सीता के किरदारों पर बंटी लोगों की राय

क्या बीफ खाने वाला कोई एक्टर भगवान राम का किरदार निभा सकता है? क्या उदारवादी विचार रखने वाली अभिनेत्री सीता बन सकती है? क्या बड़े पर्दे पर हीरो के रूप में पहचान बनाने वाला अभिनेता रावण का किरदार निभा सकता है? नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण' की कास्टिंग को लेकर ऐसे ही कई सवाल सोशल मीडिया पर उठे. रणबीर कपूर राम, साईं पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं. फिल्म की कास्टिंग को लेकर लोगों की अलग-अलग राय सामने आई. हालांकि, इन सवालों ने एक बड़ी बहस भी छेड़ दी है कि क्या किसी कलाकार को उसके निजी जीवन और विचारों के आधार पर किसी किरदार के लिए परखा जाना चाहिए?

कलाकार की निजी जिंदगी भी बन जाती है चर्चा का विषय

पहले दर्शक किसी कलाकार को उसके पर्दे पर निभाए किरदार से पहचानते थे, लेकिन अब सितारों की निजी जिंदगी भी उनकी लोकप्रियता का हिस्सा बन गई है. सोशल मीडिया के दौर में लोग कलाकारों के खान-पान, पहनावे, रिश्तों और विचारों तक पर नजर रखते हैं. कई बार किसी फिल्म में कलाकार की कास्टिंग से ज्यादा चर्चा उसके निजी जीवन की होने लगती है. यही वजह है कि बड़े प्रोजेक्ट में भूमिका मिलने के बाद भी सितारों को लोगों की राय और आलोचना का सामना करना पड़ता है.

साईं पल्लवी को सीता बनाने के पीछे क्या है वजह?

साईं पल्लवी को सीता के किरदार में लेने को लेकर भी काफी चर्चा हुई. हालांकि, कई फिल्म समीक्षक और जानकार इस कास्टिंग को सही मानते हैं. लेखिका और फिल्म विशेषज्ञों का मानना है कि साईं पल्लवी एक बेहतरीन अभिनेत्री होने के साथ अच्छी डांसर भी हैं. उनकी छवि भी काफी सादगी भरी रही है. वह सोशल मीडिया पर बहुत ज्यादा सक्रिय नहीं रहतीं और अपनी फिल्मों से जुड़ी जानकारी ही साझा करती हैं.

साईं पल्लवी एक प्रशिक्षित डॉक्टर भी हैं और कई भाषाएं जानती हैं. ऐसे में उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों के दर्शकों तक पहुंचने वाली अभिनेत्री के रूप में भी देखा जाता है. फिल्म में उनके होने से दक्षिण भारत के दर्शकों के बीच भी दिलचस्पी बढ़ने की उम्मीद है.

सीता के किरदार को लेकर पहले भी हुआ विवाद

सीता का किरदार भारतीय जनमानस में बेहद खास जगह रखता है. रामायण के अलग-अलग संस्करणों में सीता के व्यक्तित्व के कई रूप देखने को मिलते हैं. कहीं वह अपने विचार खुलकर रखने वाली महिला हैं, तो कहीं उन्हें युद्ध कौशल में निपुण दिखाया गया है. इसलिए इस किरदार को निभाना किसी भी अभिनेत्री के लिए आसान नहीं है.

इससे पहले 2023 में आई फिल्म ‘आदिपुरुष' में कृति सेनन ने सीता का किरदार निभाया था. उस दौरान भी उनके कपड़ों से लेकर सोशल मीडिया पर दिए गए बयानों तक पर सवाल उठे थे. इससे साफ है कि सीता का किरदार निभाने वाली अभिनेत्री को हर किसी की पसंद पर खरा उतरना आसान नहीं है. आखिरकार, कलाकार का काम किरदार को पर्दे पर जीवंत करना है, लेकिन आज के दौर में दर्शक उसके निजी जीवन को भी उसी नजर से देखने लगे हैं.

ये भी पढ़ें: थिएटर में 442 करोड़ कमाने के बाद हनुमान अंश की फिर लगी लॉटरी, OTT पर हुई इतने करोड़ की डील, जानें कहां देख सकेंगे फिल्म

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ramayana, Ranbir Kapoor, Sai Pallavi, Entertainment
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com