दुबई में फंसी खिलाड़ी पीवी सिंधु सुरक्षित भारत लौटीं, दुबई एयरपोर्ट स्टाफ का जताया आभार

दुबई में फंसी स्टार भारतीय शटलर पीवी सिंधू ने अपने सुरक्षित घर पहुंचने की पुष्टि की और उन्हें सुरक्षित वापस लाने में शामिल सभी लोगों का आभार व्यक्त किया.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins
PV Sindhu returns safely to India from Dubai

दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट शटलर पीवी सिंधु  दुबई एयरपोर्ट पर फंस गईं थी. लेकिन अब भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी  सुरक्षित भारत लौट आईं हैं. पीवी सिंधु  ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी साझा की है. सिंधु ने अपने पोस्ट में लिखा, "बैंगलोर में घर वापस और सुरक्षित ...पिछले कुछ दिन बहुत मुश्किल और अनिश्चित रहे हैं, लेकिन मैं अपने घर वापस आकर सच में शुक्रगुजार हूं. शानदार ग्राउंड टीम, दुबई अथॉरिटी, एयरपोर्ट स्टाफ, इमिग्रेशन और हर उस इंसान का दिल से शुक्रिया जिन्होंने इस मुश्किल समय में आगे आकर हमारी इतनी अच्छी देखभाल की. ​​हमदर्दी और प्रोफेशनलिज़्म शब्दों से कहीं ज़्यादा मायने रखता है. अभी के लिए, आराम करने, खुद को रीसेट करने और अगले कदम तय करने का समय है."

बता दें कि सिंधु दुबई होते हुए इंग्लैंड के बर्मिंघम जा रही थीं. लेकिन ईरान और यूएस-इजरायल के बीच बढ़ते तनाव के कारण फ्लाइट ऑपरेशन रोक दिए गए थे. जिसके बाद सिंधु को दुबई एयरपोर्ट पर रूकना पड़ा था. बता दें कि दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट और वर्ल्ड चैंपियन पीवी सिंधु इस साल के ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगी.

सिंधु के टूर्नामेंट के बाहर होने के बाद भी भारत के कुछ अन्य खिलाड़ी सिंगापुर और अफ्रीका के वैकल्पिक मार्गों से बर्मिंघम पहुंच गए हैं. हालांकि यह देखना बाकी है कि लंबी और थका देने वाली यात्रा उनकी तैयारियों को कितना प्रभावित करेगी.

भारत के शीर्ष पुरुष एकल खिलाड़ी लक्ष्य सेन और उभरते युवा खिलाड़ी आयुष शेट्टी यात्रा संबंधी किसी भी तरह की समस्या के बिना यहां पहुंचे हैं. लक्ष्य का पहले दौर में मुकाबला चीन के विश्व के नंबर एक खिलाड़ी शी यु ची से होगा, जबकि आयुष इंडोनेशिया के अलवी फरहान के खिलाफ खेलेंगे.

Featured Video Of The Day
क्या UAE एक देश नहीं है? Middle East और Gulf Countries का असली सच जानिए | Israel Iran War Conflict
Topics mentioned in this article