इटली की मशहूर टूव्हीलर कंपनी Vespa ने भारत में अपनी नई स्पेशल एडिशन स्कूटर Vespa Officina 8 लॉन्च कर दी है. इसकी एक्स-शोरूम कीमत महाराष्ट्र में 1.34 लाख रुपये रखी गई है. यह खास एडिशन Vespa के इतिहास और विरासत को सम्मान देने के लिए तैयार किया गया है. यह स्कूटर उस ऐतिहासिक वर्कशॉप से प्रेरित है जहां पहली बार Vespa के प्रोटोटाइप बनाए गए थे. यह जगह इटली के पोंटेडेरा शहर में स्थित Piaggio के प्लांट के अंदर थी.
Officina 8 नाम के पीछे की कहानी
Officina 8 नाम 1944 में स्थापित उस एक्सपेरिमेंटल डिपार्टमेंट से लिया गया है, जहां इंजीनियर, डिजाइनर और मैकेनिक नई तकनीकों और डिजाइन पर काम करते थे. यह टीम मुख्य प्रोडक्शन लाइन से अलग काम करती थी और नए कॉन्सेप्ट और प्रोटोटाइप तैयार करती थी. उनकी मेहनत का नतीजा 1946 में सामने आया, जब Vespa का पेटेंट कराया गया. इस स्पेशल एडिशन के जरिए कंपनी उसी ऐतिहासिक पल को याद कर रही है.
Vespa Officina 8 का डिजाइन
Vespa Officina 8 का लुक काफी खास और अलग है. इसमें स्टील बॉडी दी गई है, जिस पर मैट मेटैलिक ब्लू 'Blue Officina 8' फिनिश दी गई है. इसके साथ मेटैलिक रिवेट्स, ब्रास और एल्युमिनियम टोन का इस्तेमाल किया गया है इसमें गोल हेडलैंप और स्मूद लाइन्स वही क्लासिक Vespa स्टाइल बनाए रखते हैं. खास बात यह है कि इसमें रिब्ड डिजाइन वाली सीट दी गई है, जो इसके रेट्रो थीम के साथ अच्छी तरह मेल खाती है.
Vespa Officina 8 का इंजन
Vespa इंडिया के अन्य मॉडलों की तरह Officina 8 भी 125cc और 150cc दोनों इंजन विकल्पों में उपलब्ध होगी यानी ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार वेरिएंट चुन सकते हैं.
बता दें, हर स्कूटर के साथ एक वेलकम किट दी जाएगी, जिसमें उस ऐतिहासिक वर्कशॉप की कहानी बताने वाली एक खास किताब शामिल होगी. इसके अलावा, ग्राहकों को स्कूटर के रंग से मैच करता हुआ हाफ-फेस हेलमेट भी दिया जाएगा.














