Christina Koch Dog Video: कहते हैं कि इश्क और वफादारी देखनी हो तो किसी जानवर की आंखों में झांककर देखो. नासा की एस्ट्रोनॉट क्रिस्टीना कोच जब चांद का चक्कर काटकर जमीं पर वापस आईं, तो उनके घर के दरवाजे पर जो नजारा था, उसने सोशल मीडिया पर सबका कलेजा ठंडा कर दिया. कोच का प्यारा डॉगी 'सैडी' अपनी मालकिन को देखते ही खुशी के मारे 'पागल' हो गया. पूंछ हिलाना तो दूर, वो तो खुशी के मारे गोल-गोल घूमने लगा और अपना पसंदीदा खिलौना उठाकर ऐसे इस्तकबाल किया जैसे कह रहा हो, 'तुम कहां चली गई थीं?'
क्रिस्टीना ने खुद इस जज्बाती पल को दुनिया के साथ साझा किया. उन्होंने बताया कि सैडी लू (Sadie Lou) उनके लिए एक 'इमोशनल सपोर्ट' की तरह है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे वो बेजुबान जानवर अपनी मालकिन के पैरों से लिपट रहा है.
ये भी पढ़ें:-10 साल की मेहनत, एक रिजेक्शन और फिर सीधे ग्रैमी अवॉर्ड... EJAE की वो कहानी जो रोंगटे खड़े कर देगी!
अंतरिक्ष का सफर और घर की दहलीज (First Woman to Circle the Moon)
क्रिस्टीना कोच कोई मामूली मुसाफिर नहीं हैं, उन्होंने 'Artemis 2' मिशन के जरिए वो कर दिखाया जो आज तक किसी महिला ने नहीं किया था. वो पहली ऐसी औरत बनीं जिन्होंने पृथ्वी की कक्षा को पार कर चांद के करीब तक का सफर तय किया, लेकिन इतनी बड़ी कामयाबी के बाद भी उनके लिए असली सुकून घर की उसी दहलीज पर था, जहां सैडी उनका इंतजार कर रहा था. इस मिशन की शुरुआत 2 अप्रैल 2026 को हुई थी और करीब 10 दिनों तक अंतरिक्ष में रहने के बाद क्रिस्टीना 11 अप्रैल को प्रशांत महासागर में सुरक्षित लैंड हुईं. पर असली 'लैंडिंग' तो तब हुई जब उन्होंने अपने वफादार दोस्त को गले लगाया.
आर्टेमिस 2: चांद की ओर एक बड़ी छलांग (NASA Artemis 2 Mission)
नासा का यह मिशन आने वाले वक्त में इंसानों को चांद पर बसाने की दिशा में एक मील का पत्थर है. ओरियन यान ने अंतरिक्ष में अपनी ताकत दिखाई और क्रिस्टीना कोच इस ऐतिहासिक पल की गवाह बनीं. क्रिस्टीना का कहना है कि अंतरिक्ष से वापस आकर अपने पालतू जानवर से मिलना एक ऐसा अहसास है, जिसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता. दुनियाभर के लोग इस वीडियो को देख रहे हैं और कह रहे हैं कि प्यार चाहे इंसान का हो या जानवर का, वो हर सरहद और हर 'स्पेस' से ऊपर होता है. सैडी की मासूमियत ने आज इंटरनेट पर हर किसी को अपना मुरीद बना लिया है.
ये भी पढ़ें:-तौबा-तौबा! जैकेट के अंदर रेंग रहे थे 'जिंदा कॉकरोच', मेट्रो में दिखा ऐसा खौफनाक फैशन कि चकरा गया सबका सिर
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)














