Indian girl shocked in Tokyo video: इंस्टाग्राम पर 'सोयाबीन कपल' नाम के हैंडल से एक वीडियो खूब गर्दा उड़ा रहा है. इसमें एक भारतीय लड़की टोक्यो के रेलवे स्टेशन पर खड़ी होकर अपने सफेद जूतों का जलवा दिखा रही है. लड़की का दावा है कि वो मीलों पैदल चली, फिर भी उसके जूतों पर मिट्टी का एक दाना तक नहीं लगा. यकीन नहीं आता? तो ये माजरा जरा विस्तार से समझिए. मोहतरमा का कहना है कि उन्होंने पूरे शहर में करीब 10,000 कदम पैदल नापे हैं. ताज्जुब की बात ये है कि इतना चलने के बाद भी उनके नए जूते बिल्कुल वैसे ही चमक रहे हैं, जैसे अभी डिब्बे से निकले हों.
जापान की चकाचक सड़कें और अनोखा दावा (Japan Clean Streets and Viral Claim)
लड़की ने वीडियो में सिर्फ अपने ही नहीं, बल्कि अपने साथ मौजूद साथी के जूतों का भी मुआयना कराया. मजेदार बात ये रही कि उसने चुटकी लेते हुए कहा कि, जूतों पर जो थोड़ी-बहुत धूल दिख रही है, वो भी इंडिया से ही लगकर आई थी. जापान की सड़कों पर तो गंदगी का नामो-निशां तक नहीं मिला. वहां के प्लेटफॉर्म और गलियां शीशे की तरह चमक रही हैं, जिसे देख देसी इंटरनेट जनता की आंखें फटी की फटी रह गईं.
सोशल मीडिया पर खिंचाई और सफाई का सबक (Public Reaction and Civic Sense Debate)
जैसे ही ये वीडियो वायरल हुआ, कमेंट सेक्शन में 'महाभारत' शुरू हो गई. कुछ लोगों को ये बात हजम नहीं हुई और उन्होंने इसे बढ़ा-चढ़ाकर बताया गया दावा करार दिया. वहीं, कुछ यूजर्स इस बात पर भड़क गए कि लड़की ने गंदगी के लिए भारत का नाम क्यों लिया. लोगों ने उसे ट्रोल करते हुए कह दिया कि, 'बहन फिर वहीं रह जाओ, वापस मत आना.'
ये भी पढ़ें:-क्या सच में विदेश में ज्यादा बचत है? चेन्नई की महिला ने स्वीडन और भारत के खर्चों की तुलना कर सबको चौंकाया
हालांकि, इस बहस के बीच कुछ समझदार लोगों ने ये भी कहा कि जापान इसलिए साफ है क्योंकि वहां के लोगों में गजब का सिविक सेंस है. कुल मिलाकर, ये वीडियो आईना दिखाता है कि अगर लोग ठान लें, तो सड़कें वाकई जूतों की तरह चमकाई जा सकती हैं. जापान की ये चकाचक तस्वीरें एक बड़ा सबक हैं.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)














