- अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ पर खास पासपोर्ट जारी की जाएगी जिसमें डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर होगी
- यह पहली बार होगा जब किसी जीवित अमेरिकी राष्ट्रपति की तस्वीर पासपोर्ट पर होगी
- खास पासपोर्ट में ट्रंप की तस्वीर और सुनहरे रंग में उनके हस्ताक्षर होंगे
US to issue passports with Donald Trump's picture:अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के लिए उनसे बेहतर दुनिया में कोई नहीं है और अपनी इस सोच का वो सबूत बार-बार देते रहते हैं. अमेरिकी डॉलर नोटों पर अपने सिग्नेचर के बाद मिस्टर ट्रंप ने एक और बड़ा फैसला लिया है. अब अमेरिका में एक नया और अलग तरह का पासपोर्ट आने वाला है- और इस बार उस पर जिंदा राष्ट्रपति की तस्वीर भी होगी. अमेरिकी विदेश विभाग (स्टेट डिपार्टमेंट) ने मंगलवार, 28 अप्रैल को कहा कि वह अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर खास तरह के सीमित (लिमिटेड) अमेरिकी पासपोर्ट जारी करने की तैयारी कर रहा है. इन पासपोर्ट में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर होगी. ऐसा पहली बार होगा जब किसी मौजूदा (जीवित) राष्ट्रपति की तस्वीर पासपोर्ट पर होगी.
इस खास पासपोर्ट का आइडिया कई महीनों से विचार में था. आखिरकार इसे सोमवार देर रात मंजूरी मिल गई. करीब 25,000 से 30,000 पासपोर्ट बनाए जाएंगे और ये वॉशिंगटन डी.सी. के पासपोर्ट ऑफिस में 4 जुलाई (अमेरिका के स्वतंत्रता दिवस) से ठीक पहले लोगों के लिए उपलब्ध होंगे.
सरकार के अधिकारियों ने बताया कि वॉशिंगटन ऑफिस में जो लोग पासपोर्ट बनवाने जाएंगे, उन्हें डिफॉल्ट रूप से यही खास पासपोर्ट दिया जाएगा. हालांकि, अगर कोई सामान्य पासपोर्ट चाहता है, तो वह ऑनलाइन या वॉशिंगटन के बाहर आवेदन करके ले सकता है. एपी की रिपोर्ट के अनुसार स्टेट डिपार्टमेंट के प्रवक्ता टॉमी पिगॉट ने कहा, “जब अमेरिका जुलाई में अपने 250वें साल का जश्न मनाएगा, तब हम इस ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने के लिए खास डिजाइन वाले सीमित संख्या में पासपोर्ट जारी करेंगे.”
उन्होंने आगे कहा, “इन पासपोर्ट में खास तरह की कलाकारी और बेहतर तस्वीरें होंगी, लेकिन सुरक्षा के वही मजबूत फीचर्स रहेंगे, जो अमेरिकी पासपोर्ट को दुनिया के सबसे सुरक्षित दस्तावेजों में से एक बनाते हैं.” इस खास पासपोर्ट के अंदर एक पेज पर ट्रंप की तस्वीर होगी और उसके ऊपर सुनहरे रंग में उनके हस्ताक्षर का निशान होगा. कवर (ऊपर का हिस्सा) पर “यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका” ऊपर सुनहरे मोटे अक्षरों में लिखा होगा और नीचे “पासपोर्ट” लिखा होगा- जो सामान्य पासपोर्ट के उलट होगा.
इसके अलावा, पीछे के कवर के नीचे एक छोटा सुनहरा अमेरिकी झंडा होगा, जिसमें 250 नंबर सितारों से घिरा हुआ होगा. इस खबर को सबसे पहले “द बुलवार्क” नाम की वेबसाइट ने रिपोर्ट किया था. अभी के अमेरिकी पासपोर्ट में जिन राष्ट्रपतियों को दिखाया जाता है, वे साउथ डकोटा के माउंट रशमोर की दो पेज की तस्वीर में हैं- जॉर्ज वॉशिंगटन, थॉमस जेफरसन, थियोडोर रूजवेल्ट और अब्राहम लिंकन.













