20 days ago

US-Israel-Iran War Live NEWS: ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजरायल की जंग को शुरू हुए 28 दिन हो गए हैं, अब पूरी दुनिया की नजर शांति समझौते पर है. अमेरिका और ईरान, दोनों देश बैकचैनल से बातचीत में लगे हैं लेकिन दोनों ही सार्वजनिक रूप से पहले झुकते हुए नहीं दिखना चाहते हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कुछ और कह रहे हैं और उस पर ईरान में बैठी इस्लामिक सरकार का कुछ और जवाब आ रहा है. इस बीच ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की अपनी समयसीमा को 10 दिन आगे बढ़ाते हुए 6 अप्रैल कर दिया है. डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने ऐसा ईरानी सरकार के अनुरोध पर किया है और बातचीत "बहुत अच्छी चल रही है." इधर इजराइल ने शुक्रवार को ईरान के ऊपर नए सिरे से हमले शुरू कर दिए. इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने साफ ऐलान किया कि ईरान पर अभी और तेज हमले किए जाएंगे और इनका दायरा बढ़ाया जाएगा. ईरान भी इजराइल पर हमला करके पलटवार करने की कोशिश कर रहा है. ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने तीन जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से चेतावनी देकर लौटा दिया और कहा कि यह जलमार्ग "यहूदी-अमेरिकी दुश्मनों" के समर्थकों और सहयोगियों के लिए पूरी तरह बंद है. वहीं मिडिल ईस्ट की जमीन पर खून-खराबा जारी है. लेबनानी मीडिया ने शुक्रवार तड़के बेरूत में इजरायली हमले की सूचना दी .

Here Are The Updates Of The US-Israel-Iran War:

Mar 28, 2026 00:01 (IST)

मानवीय मदद वाले जहाजों को ईरान देगा रास्ता

जिनेवा स्थित संयुक्त राष्ट्र कार्यालय में ईरान के स्थायी प्रतिनिधि अली बाहरीनी ने कहा है कि ईरान मानवीय सहायता लेकर जा रहे जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से सुरक्षित रास्ता देने के लिए तैयार है. संयुक्त राष्ट्र के अनुरोध पर ईरान ने यह निर्णय लिया है. ईरानी न्यूज एजेंसी IRNA  के मुताबिक, उन्होंने आगे कहा कि ईरान सभी गैर शत्रु देशों के लिए होर्मुज की सुरक्षा और स्थिरता बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

Mar 27, 2026 23:48 (IST)

'अब आंख के बदले आंख नहीं चलेगी', ईरानी कमांडर की धमकी

ईरान के परमाणु केंद्रों पर हमले के बाद इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) एयरोस्पेस फोर्स के कमांडर सैयद माजिद मूसावी ने अमेरिका-इजरायल को सीधी चुनौती दी. उन्होंने कहा कि आपने पहले भी हमें आजमाया था, दुनिया ने फिर देखा कि आप खुद आग से खेल रहे हैं और बुनियादी ढांचे पर हमला कर रहे हैं. इस बार आंख के बदले आंख नहीं चलेगा, देखते रहिए. 

Mar 27, 2026 23:44 (IST)

हॉर्मुज स्ट्रेट पार कर 4 एलपीजी टैंकर भारत पहुंचे

विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि हॉर्मुज स्‍ट्रेट पार करके एलपीजी से लदे चार जहाज भारत पहुंच चुके हैं. मंत्रालय ने भरोसा द‍िलाया कि सरकार अपने जहाजों की सुरक्षित आवाजाही के लिए संबंधित देशों के संपर्क में है ताकि देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा किया जा सके. 

Mar 27, 2026 23:42 (IST)

ईरान की मिसाइल इज़रायल में लोगों के घरों पर गिरी

Advertisement
Mar 27, 2026 22:09 (IST)

पश्चिम एशिया संकट पर PM मोदी की मुख्यमंत्रियों संग बैठक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को पश्चिम एशिया संकट पर राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ अहम बैठक की. इस दौरान मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के राज्यों पर पड़ने वाले प्रभाव और उसके समाधान पर चर्चा की गई. अधिकारियों का कहना है कि वर्चुअल बैठक का उद्देश्य टीम इंडिया की भावना प्रदर्शित करते हुए तालमेल सुनिश्चित करना है. 

Mar 27, 2026 21:53 (IST)

ईरान के परमाणु केंद्रों पर हमलेः रिपोर्ट

ईरान ने देश के परमाणु केंद्रों पर हमले का दावा किया है. ईरानी सरकारी मीडिया IRNA के मुताबिक, हेवी वॉटर प्लांट और यलो केक प्रोडक्शन प्लांटों को निशाना बनाया गया है. यलो केक यूरेनियम का कंसन्ट्रेट रूप होता है. ये अटैक इजरायल के हमले तेज करने की धमकी के बाद हुए हैं. 

Advertisement
Mar 27, 2026 19:26 (IST)

ईरान के अड्डों पर हमले की अमेरिका ने दिखाई तस्वीर

Mar 27, 2026 19:13 (IST)

ईरान के इस्फहान पर इजरायल का बड़ा हमला, 26 की मौत

ईरानी अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को राजधानी तेहरान के दक्षिण में स्थित इस्फ़हान शहर के एक आवासीय क्षेत्र पर अमेरिका और इस्राइल के हमले में 26 लोगों की जान चली गई, जिनमें आधे से अधिक महिलाएं और बच्चे शामिल हैं। स्थानीय गवर्नर कार्यालय और फार्स न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, मृतकों में सात महिलाएं और सात बच्चे हैं। पिछले लगभग एक महीने से जारी इस सैन्य अभियान में अब तक तत्कालीन सर्वोच्च नेता अली खामेनेई सहित 1,340 से अधिक लोग मारे जा चुके हैं। जवाब में ईरान ने भी इस्राइल के साथ-साथ जॉर्डन, इराक और उन खाड़ी देशों पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं जहाँ अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं, जिससे बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुँचा है और वैश्विक बाजारों व विमानन सेवाओं में भारी बाधा उत्पन्न हुई है।

Mar 27, 2026 19:00 (IST)

होर्मुज के करीब आए तो भयंकर हमला करेंगे, IRGC ने दी वॉर्निंग

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) ने होर्मुज स्ट्रेट पार करने की कोशिश कर रहे तीन कंटेनर जहाजों को चेतावनी देकर वापस लौटा दिया. IRGC ने इजरायल-अमेरिका की तरफ इशारा करते हुए साफ चेतावनी दी कि यह जलमार्ग "यहूदी-अमेरिकी दुश्मनों" के समर्थकों और सहयोगियों के बंदरगाहों से आ रहे हैं या वहां जा रहे सभी जहाजों के लिए पूरी तरह बंद है. ऐसे किसी जहाज ने होर्मुज पार करने की कोशिश की तो गंभीर नतीजे भुगतने होंगे.

Mar 27, 2026 18:39 (IST)

हिज्बुल्लाह 24 घंटे में ढेर किए इजरायल के 29 टैंक?

हिज्बुल्लाह ने दावा किया है कि उसके लड़ाकों ने 96 हमले करके इजरायल के 29 टैंक नष्ट कर दिए हैं. 24 घंटों के अंदर कम से कम 21 इजरायली मरकावा टैंक तबाह किए गए हैं. उसने 2 मार्च से अब तक 73 से अधिक मरकावा टैंक बर्बाद करने का भी दावा किया है. इसे "मरकावा नरसंहार" कहा जा रहा है. हालांकि इजरायली सेना ने दक्षिणी लेबनान में 29 टैंकों को नष्ट किए जाने के दावों को गलत बताया है.

Advertisement
Mar 27, 2026 17:38 (IST)

ईरान ने इजरायल पर किया चौथा बड़ा हमला

ईरान ने इजरायल के ऊपर आधी रात के बाद से चौथा हमला किया है. इजरायली डिफेंस फोर्स के मुताबिक, इस दौरान कई मिसाइलें और क्लस्टर बम दागे गए. इन्हें इजरायली एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया. 

Mar 27, 2026 17:36 (IST)

इजरायल का ऐलान, ईरान पर हमले तेज करेंगे

इजरायल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज़ ने शुक्रवार को कड़े तेवर दिखाते हुए ईरान पर हमले तेज करने का ऐलान किया. इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान से कहा था कि वो इजरायल के नागरिकों पर मिसाइलें दागना बंद कर दें. काट्ज़ ने कहा कि इसके बाद भी ईरान के हमले जारी है, ऐसे में इजरायल  ने ईरान के उन अतिरिक्त ठिकानों और इलाकों को निशाना बनाने का फैसला किया है जो हथियारों के निर्माण और संचालन में मदद करते हैं. काट्ज़ ने कहा कि इस "युद्ध अपराध" के लिए ईरानी शासन को पहले से कहीं ज्यादा भारी कीमत चुकानी होगी.

Advertisement
Mar 27, 2026 15:43 (IST)

पेट्रोल-डीजल रेट का रिव्यू हर 15 दिन में होगा

पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने के बाद सरकार ने कहा है कि अब हर 15 दिनों पर तेल की कीमतों का रिव्यू किया जाएगा. सीबीआईसी के चेयरमैन विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि तेल कम्पनियों का घाटा कम हो सके और ग्राहकों के लिए दाम भी न बढ़ाना पड़े, इसलिए एक्साइज ड्यूटी घटाई गई है. वहीं पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि अप्रैल 2022 से पेट्रोल-डीजल के दाम नहीं बढ़े हैं, या तो कम हुए हैं या फिर स्थिर रहे हैं. कच्चे तेल की कोई कमी नहीं है. अगले दो महीने के लिए सप्लाई तय हो गई है. एलपीजी और पीएनजी की स्थिति भी सामान्य है.

Mar 27, 2026 15:34 (IST)

USS अब्राहम लिंकन की तरफ मिसाइल अटैक हुआ?

Mar 27, 2026 13:07 (IST)

Iran Israel War LIVE Updates: ईरान से युद्ध में इजरायल को मिले 8,000 टन हथियार

इजराइल रक्षा मंत्रालय ने घोषणा की है कि सैन्य उपकरण और गोला-बारूद लेकर 200वां विमान इजराइल में उतर चुका है. 'ऑपरेशन रोरिंग लायन' के तहत चल रहे खरीद और शिपिंग अभियान के तहत, इजराइल रक्षा मंत्रालय (आईएमओडी) और आईडीएफ के हवाई और समुद्री पुल अभियानों ने 200वें मालवाहक विमान के आने की जानकारी दी है. इस ऑपरेशन की शुरुआत से अब तक 200 से अधिक विमान और जहाज लगभग 8,000 टन सैन्य उपकरण, हथियार और गोला-बारूद लेकर इजराइल पहुंच चुके हैं.

Mar 27, 2026 10:12 (IST)

देश में कोई लॉकडाउन नहीं लगेगा, अफवाहों के बीच पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी का बड़ा बयान

सरकार द्वारा पेट्रोल और डीजल पर एक्‍साइड ड्यूटी घटाने के फैसले पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप पुरी ने बताया, 'पिछले एक महीने में अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं, लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर लगभग 122 डॉलर प्रति बैरल हो गई हैं. परिणामस्वरूप, दुनिया भर में उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ गई हैं. दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में कीमतों में लगभग 30%-50% की वृद्धि हुई है, उत्तरी अमेरिकी देशों में 30%, यूरोप में 20% और अफ्रीकी देशों में 50% की वृद्धि हुई है. ऐसे में मोदी सरकार के पास दो विकल्प थे- या तो अन्य सभी देशों की तरह भारत के नागरिकों के लिए कीमतों में भारी वृद्धि करे या फिर अपने वित्त पर पड़ने वाले बोझ को वहन करे, ताकि भारतीय नागरिक अंतरराष्ट्रीय अस्थिरता से सुरक्षित रह सकें. 

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेट्रोल और डीजल की आसमान छूती कीमतों के इस दौर में तेल कंपनियों के भारी नुकसान (पेट्रोल पर लगभग 24 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर 30 रुपये प्रति लीटर) को कम करने के लिए सरकार ने अपने कर राजस्व में भारी कटौती की है. साथ ही, पेट्रोल और डीजल की अंतरराष्ट्रीय कीमतों में भारी वृद्धि के कारण निर्यात कर भी लगाया गया है और विदेशी देशों को निर्यात करने वाली किसी भी रिफाइनरी को निर्यात कर देना होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी और माननीय वित्त मंत्री जी के प्रति मेरी कृतज्ञता.

Mar 27, 2026 10:09 (IST)

Iran Israel War Updates: ईरान पर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बंद कमरे में परामर्श बैठक

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार को ईरान पर बंद कमरे में परामर्श बैठक निर्धारित की. एसोसिएटेड प्रेस न्‍यूज एजेंसी के अनुसार, दो संयुक्त राष्ट्र राजनयिकों ने बताया कि रूस ने देश में नागरिक बुनियादी ढांचे पर अमेरिका-इजरायल के हमलों के मुद्दे पर बैठक का अनुरोध किया था. संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की वर्तमान में बारी-बारी से अध्यक्षता कर रहे अमेरिका ने इस बैठक का निर्धारण किया है.

Mar 27, 2026 09:56 (IST)

ईरान की होर्मुज स्‍ट्रेट पर 'टोल बूथ' बनाने की तैयारी!

ऐसा लग रहा है कि ईरान तेल आपूर्ति के लिए विश्व के सबसे महत्वपूर्ण रास्‍ते होर्मुज स्‍ट्रेट का रक्षक बनने की ओर आगे बढ़ रहा है. इस कदम से महत्वपूर्ण जलमार्ग पर तेहरान का वास्तविक नियंत्रण और मजबूत हो सकता है और चीन को अपने तेल की आपूर्ति जारी रखने की उसकी क्षमता को औपचारिक रूप दिया जा सकता है. 


संयुक्त राष्ट्र समुद्री प्राधिकरण को ईरान के संदेशों और जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के अनुभव से संकेत मिलता है कि ईरान एक तरह की "टोल बूथ" जैसी व्यवस्था बना रहा है. जहाजों को ईरानी जलक्षेत्र में प्रवेश करने के लिए ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर द्वारा जांच से गुजरना होगा. कम से कम दो जहाजों ने इसके लिए शुल्क दिया है. ईरान युद्ध की शुरुआत के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य से यातायात में 90% की गिरावट आई है, जिससे वैश्विक तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं और फारस की खाड़ी के देशों से जलडमरूमध्य के माध्यम से तेल प्राप्त करने वाले एशियाई देशों में तेल की गंभीर कमी हो गई है.

Mar 27, 2026 07:59 (IST)

Iran Israel War Updates: ईरान का अल्टीमेटम, खाड़ी देशों के होटलों को अमेरिकी सैनिकों को ठहराने पर दी चेतावनी

इजरायल और अमेरिका के साथ जारी संघर्ष के बीच ईरान ने बहरीन और संयुक्त अरब अमीरात के होटल मालिकों को एक 'अल्टीमेटम' जारी किया है. ईरान ने चेतावनी दी है कि अगर वे अमेरिकी सैन्य कर्मियों को ठहराते हैं, तो उनकी संपत्तियां वैध सैन्य लक्ष्य बन सकती हैं. अर्ध-सरकारी समाचार एजेंसी 'फार्स' की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी हमलों और सहयोगी उग्रवादी समूहों के साथ संयुक्त अभियानों के बाद अमेरिकी सेना ने क्षेत्रीय होटलों में शरण ली है. इन हमलों में पूरे मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था. वहीं, समाचार एजेंसी 'शिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, यह चेतावनी उन सभी ठिकानों पर लागू होती है जो विदेशी सैन्य कर्मियों को पनाह देते हैं, और अगर ऐसी गतिविधियां जारी रहती हैं तो यह चेतावनी तत्काल प्रभाव से लागू हो जाएगी.

Mar 27, 2026 07:49 (IST)

Middle East Crisis: मिडिल ईस्‍ट संकट के बीच सऊदी क्राउन प्रिंस सलमान ने यूक्रेन के राष्‍ट्रपति से की मुलाकात

सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने जेद्दा में यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर ज़ेलेंस्की से मुलाकात की है. बताया जा रहा है कि दोनों ने मिडिल ईस्‍ट में सैन्य तनाव बढ़ने और यूक्रेन संकट के घटनाक्रम पर चर्चा की. ज़ेलेंस्की ने अपने दौरे के बारे में और कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन उन्होंने पिछले सप्ताह कहा था कि यूक्रेनी अधिकारी सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत और जॉर्डन को ड्रोन विशेषज्ञता और रक्षा प्रणाली के निर्माण में मदद कर रहे हैं. उन्होंने उस समय यह भी कहा था कि यूक्रेन होर्मुज जलडमरूमध्य में सुरक्षा बहाल करने में अपनी भूमिका की संभावना तलाश रहा है.

Mar 27, 2026 07:37 (IST)

Iran Israel War Updates: इजरायल का तेहरान पर बड़ा हमला

इजरायल के ईरान पर हमले जारी हैं. कुछ देर पहले, आईडीएफ ने तेहरान के केंद्र में ईरानी आतंकी शासन के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर हमले किये. बताया जा रहा है कि इजरायल की ओर से सेंट्रल तेहरान में एक के बाद एक मिसाइल अटैक किये हैं. हालांकि, इन हमलों से ईरान को कितना नुकसान हुआ है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है. 

Mar 27, 2026 07:33 (IST)

Lebanon Israel War LIVE: लेबनान में हिजबुल्लाह के हमले में एक इजरायली सैनिक शहीद, चार घायल

इजरायल रक्षा बलों ने गुरुवार को बताया कि दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्लाह के टैंक-रोधी मिसाइल हमले में एक इजरायली सैनिक शहीद हो गया और चार अन्य घायल हो गए. शहीद सैनिक की पहचान सार्जेंट अवियाद एलचानन वोलान्स्की, 21 वर्ष, के रूप में हुई है, जो यरुशलम के रहने वाले 7वीं बख्तरबंद ब्रिगेड की 77वीं बटालियन के थे. वह हिजबुल्लाह के साथ संघर्ष में शहीद होने वाले चौथे सैनिक हैं. यह संघर्ष 2 मार्च को शुरू हुआ था, जब लेबनानी आतंकवादी समूह ने अपने प्रायोजक ईरान के साथ अमेरिका-इजरायल युद्ध के बीच इजरायल पर रॉकेट और ड्रोन से हमला करना शुरू कर दिया था.

Mar 27, 2026 06:53 (IST)

US-Israel-Iran War Live Updates: ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर 10 और दिनों तक हमला नहीं करेगा अमेरिका- ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की अपनी समय सीमा को 10 दिन आगे बढ़ाते हुए 6 अप्रैल कर दिया है. डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि उन्होंने ऐसा ईरानी सरकार के अनुरोध पर किया है और बातचीत "बहुत अच्छी चल रही है."


यह भी पढ़ें: ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर 10 और दिनों तक हमला नहीं करेगा अमेरिका, ट्रंप बोले- ईरान के अनुरोध पर ऐसा किया

Featured Video Of The Day
देशभक्त उमर अब्दुल्ला: तिरंगे की पट्टी काटने से इनकार, जम्मू-कश्मीर CM के VIDEO की हो रही जमकर तारीफ