- ईरान के संसद अध्यक्ष ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की स्ट्रेट ऑफ होर्मुज नाकेबंदी की चेतावनी का मजाक उड़ाया
- गालिबाफ ने अमेरिकी सोशल मीडिया पर पेट्रोल की कीमतों की तस्वीर शेयर कर इसमें भारी बढ़ोतरी की चेतावनी दी
- उन्होंने एक गणितीय फॉर्मूला शेयर किया जिसके अनुसार है कि नाकेबंदी बढ़ने पर तेल की कीमतें तेजी से बढ़ेंगी
US Iran War and Oil Crisis: अमेरिका और ईरान के बीच अब मैथ्स फॉर्मूले वाला प्रहार भी शुरू हो गया है. ईरान के संसद अध्यक्ष, मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की उस चेतावनी का मजाक उड़ाया, जिसमें ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में आने-जाने वाले जहाजों को रोकने की बात कही थी. गालिबाफ ने व्हाइट हाउस के पास पेट्रोल की मौजूदा कीमतों की तस्वीर शेयर की और अमेरिकियों को चेतावनी दी कि वे जल्द ही इन कीमतों को “याद करेंगे" अफसोस करेंगे यानी कीमतें बेतहाशा बढ़ जाएंगी. इस चेतावनी के साथ ईरान की तरफ से एक मैथमेटिकल फॉर्मूला भी दिया गया है.
“ΔO_BSOH > 0 ⇒ f(f(O)) > f(O)”... आखिर यह है क्या
यह चेतावनी उस समय आई जब अमेरिकी सेना ने घोषणा की कि वह सोमवार शाम (भारत के समय के अनुसार शाम के 7.30 बजे) से ईरान के बंदरगाहों में आने वाले सभी जहाजों को रोकने (नाकेबंदी) की कार्रवाई शुरू करेगी. इसपर गालिबाफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “अभी की पेट्रोल कीमतों का मजा लो. इस तथाकथित ‘ब्लॉकेड' के बाद जल्द ही आप लोगों को 4-5 डॉलर वाला पेट्रोल याद आएगा.”
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के कुछ यूजर्स के अनुसार, इस फॉर्मूले का मतलब है: अगर होर्मुज में नाकेबंदी बढ़ती है (ΔO_BSOH > 0), तो तेल की कीमतें सिर्फ सीधी तरह से नहीं बढ़ेंगी, बल्कि तेजी से और कई गुना बढ़ेंगी (f(f(O)) > f(O)). एक यूजर ने इसे ऐसे समझाया: सप्लाई कम होगी, इससे कीमतें बढ़ेंगी, जिससे दबाव और बढ़ेगा. पहले झटके से कीमत बढ़ती है, फिर उस बढ़ी हुई कीमत का असर और ज्यादा बढ़ोतरी करता है. इसलिए जब तक सस्ता पेट्रोल है, उसका मजा लो.
कुल मिलाकर यह फॉर्मूला बताता है कि अगर होर्मुज में नाकेबंदी बढ़ता है (ΔO_BSOH > 0), तो तेल की कीमतें सिर्फ एक बार साधारण तरीके से नहीं बढ़ेंगी, बल्कि उन पर बार-बार असर पड़ेगा और वे तेजी से कई गुना बढ़ सकती हैं. पहले सप्लाई कम होने से कीमत बढ़ेगी (f(O)), और फिर उसी बढ़ी हुई कीमत पर दोबारा दबाव पड़ेगा, जिससे कीमत और ज्यादा बढ़ेगी (f(f(O))). यानी यह एक चेन रिएक्शन जैसा असर है, जिसमें हर अगला बढ़ाव पहले से ज्यादा तेज और बड़ा होता है.
ट्रंप की नाकेबंदी वाली चेतावनी
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी नौसेना जल्दी ही होर्मुज से आने-जाने वाले जहाजों को रोकना शुरू करेगी. यह फैसला तब लिया गया जब पाकिस्तान में अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर (युद्धविराम) की बातचीत बिना किसी समझौते के खत्म हो गई. वहीं अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने घोषणा की कि वह सोमवार सुबह 10 बजे (EDT), यानी भारत में शाम 7:30 बजे से, सभी ईरानी बंदरगाहों की नाकेबंदी करना शुरू करेगा.













