- पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में अमेरिका और ईरानी डेलिगेशन के बीच शनिवार को महत्वपूर्ण बातचीत होनी है.
- अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस इस्लामाबाद के लिए रवाना हो चुके हैं, ईरानी डेलिगेशन की पुष्टि नहीं है.
- सुरक्षा कारणों से इस्लामाबाद में व्यापक तैयारियां की गई हैं. इस बीच US एयरफोर्स का विमान भी पहुंचा है.
Iran US Talks in Islamabad: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शनिवार को अमेरिका और ईरानी डेलिगेशन के बीच बातचीत होनी है. इस बातचीत के लिए ईरानी डेलिगेशन के अभी तक पाकिस्तान पहुंचने की पुख्ता जानकारी नहीं आई है. दूसरी ओर अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस सहित डेलिगेशन में शामिल अन्य सदस्य भी इस्लामाबाद के लिए रवाना हो चुके हैं. पाकिस्तान की मध्यस्ता में होने वाली इस बातचीत पर पूरी दुनिया की निगाहें टिकी है. इस बातचीत के लिए इस्लामाबाद में सुरक्षा में व्यापक तैयारियां की गई है.
US एयरफोर्स का C-17 ग्लोबमास्टर विमान पहुंचा नूर खान बेस
इस बीच शुक्रवार को अमेरिकी वायु सेना का एक विमान पाकिस्तान के नूर खान बेस पर पहुंचा. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने अमेरिकी वायुसेना के विमान के नूर खान बेस पहुंचने की जानकारी दी. रिपोर्ट में बताया गया कि अमेरिकी उपराष्ट्रपति से पहले पाकिस्तान पहुंचा अमेरिकी एयरफोर्स का ट्रांसपोर्ट विमान C-17 Globemaster डेलिगेशन की सेफ्टी टीम और विशेष वाहन लेकर पहुंचा है.
पाकिस्तान के नूर खान बेस पर अमेरिकी एयरफोर्स का ट्रांसपोर्ट विमान सी-17 ग्लोबमास्टर.
सबसे लचीला मालवाहक विमान माना जाता है C-17 ग्लोबमास्टर
अमेरिकी एयरफोर्स का यह ट्रांसपोर्ट विमान C-17 ग्लोबमास्टर III (C-17 Globemaster III) एयरलिफ्ट फोर्स में शामिल होने वाला सबसे लचीला मालवाहक विमान माना जाता है. यह आर्मी बेस कैंप, एयरफोर्स स्टेशन के साथ-साथ सैन्य टुकड़ियों के अग्रिम पोस्ट तक साजो-सामान पहुंचाने में सक्षम है.
US एयरफोर्स के C-17 ग्लोबमास्टर की खासियतें
- डिफेंस एयरलिफ्ट के साथ-साथ एयरड्रॉप मिशनों को भी यह विमान अंजाम दे सकता है. मेडिकल इमरजेंसी के दौरान स्ट्रेचर वाले और चलने-फिरने में सक्षम मरीजों को भी ले जा सकता है.
- C-17 की लंबाई 174 फीट (53 मीटर) और पंखों का फैलाव 169 फीट, 10 इंच (51.75 मीटर) है.
- यह विमान चार प्रैट एंड व्हिटनी F117-PW-100 टर्बोफैन इंजनों द्वारा संचालित है, जो बोइंग 757 में उपयोग किए जाने वाले वाणिज्यिक प्रैट एंड व्हिटनी PW2040 पर आधारित हैं.
- प्रत्येक इंजन की क्षमता 40,440 पाउंड थ्रस्ट है, इसमें थ्रस्ट रिवर्सर्स शामिल हैं, जो धूल और मलबे के प्रवेश से बचने के लिए हवा के प्रवाह को ऊपर और आगे की ओर बढ़ाता है.
- इस विमान की डिजाइन इसे बड़े पेलोड के साथ छोटे रनवे और दुर्गम हवाई क्षेत्रों में संचालित करने की क्षमता प्रदान करती हैं.
- इसमें एयरफोर्स-स्टैंडर्डाइज्ड एवियोनिक्स सहित वाणिज्यिक ऑफ-द-शेल्फ (ready-made) उपकरणों का भी भरपूर उपयोग किया गया है.
- C-17 ग्लोबमास्टर विमान को 3 सदस्य (पायलट, को-पायलट और लोडमास्टर) के चालक दल संचालित किया जाता है.
- C-17 में कार्गो को एक बड़े पिछले रैंप और गेट सिस्टम से लोड किया जाता है, जिसमें सेना के लगभग सभी हवाई-परिवहन योग्य उपकरण जैसे कि 69-टन का M1 अब्राम्स मुख्य युद्धक टैंक, बख्तरबंद वाहन, ट्रक और ट्रेलर तक समा सकते हैं.
- साथ ही इसके कार्गो फ्लोर में ऐसे रोलर्स होते हैं, जिन्हें समतल फर्श से रोलरयुक्त कन्वेयर में बदला जा सकता है. C-17 को 102 पैराट्रूपर्स को उनके उपकरणों के साथ एयरड्रॉप करने के लिए डिजाइन किया गया है.
शनिवार को इस्लामाबाद के फाइव स्टार होटल में होनी है बातचीत
शनिवार को पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद के फाइव स्टार होटल सेरेना में दोनों देशों के नेताओं के बीच बातचीत होनी है. इस बातचीत में शामिल होने के लिए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस रवाना हो चुके हैं. शुक्रवार को पाकिस्तान के लिए रवाना होते समय जेडी वेंस ने एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए फिर से ईरान को कड़ी चेतावनी दी है.
चाल चलने की कोशिश की तो हमारी टीम भी इतनी नरम नहींः वेंस
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि वह अमेरिका के साथ "खेल" न करे. इस्लामाबाद रवाना होते समय जेडी वेंस ने कहा, "जैसा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, अगर ईरानी सद्भावना के साथ बातचीत करने को तैयार हैं, तो हम भी निश्चित रूप से दोस्ती का हाथ बढ़ाने को तैयार हैं. लेकिन अगर वह हमारे साथ ‘खेल' करने की कोशिश करेगा, तो हमारी टीम बिल्कुल भी नरम रवैया नहीं अपनाएगी."
यह भी पढ़ें - दुनिया का सबसे शक्तिशाली बदलाव... ईरान से होने वाली वार्ता से पहले ट्रंप के इस मैसेज से फिर बढ़ी धड़कनें













