- रूस के उफा में एक यूनिवर्सिटी के छात्रावास में 15 साल के किशोर ने चाकू से हमला कर दिया.
- इस हमले में चार भारतीय छात्र सहित 6 लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में चिकित्सा प्रदान की जा रही है.
- हमलावर ने पुलिस द्वारा गिरफ्तारी का विरोध किया है, जिसमें दो पुलिसकर्मी भी चाकू लगने से घायल हुए हैं.
रूस के उफा शहर की एक यूनिवर्सिटी के छात्रावास में हुए चाकू हमले में चार भारतीय छात्रों सहित कम से कम छह लोग घायल हो गए हैं. मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हमले की जानकारी दी है. यह घटना रूस के बश्कोर्तोस्तान रिपब्लिक में एक यूनिवर्सिटी के विदेशी छात्रों के छात्रावास स्थित स्पोर्ट्स हॉल में हुई. स्थानीय मीडिया में आई खबरों के कुछ घंटों बाद भारतीय दूतावास का बयान सामने आया है.
रूस के गृह मंत्रालय ने कहा कि प्रारंभिक खबरों के अनुसार, चाकू लिए एक किशोर रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य के उफा में स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के छात्रावास में घुस गया, उसने वहां रहने वाले छात्रों पर हमला किया और उनमें से कई को चाकू मार दिया.
दो पुलिसकर्मियों को भी लगा चाकू
आरटीवीआई डॉट कॉम वेबपोर्टल ने यहां के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता मेजर जनरल इरिना वोल्क के हवाले से कहा, “हमलावर ने गिरफ्तारी का विरोध किया, जिसके दौरान दो पुलिस अधिकारियों को चाकू लग गया. इसके अलावा संदिग्ध ने खुद को भी शारीरिक नुकसान पहुंचाया.”
इसे दुर्भाग्यपूर्ण घटना बताते हुए यहां स्थित भारतीय दूतावास ने कहा, “चार भारतीय छात्रों सहित कई लोग घायल हुए हैं.”
उफा के लिए रवाना हुए अधिकारी
दूतावास ने कहा कि वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है और कजान स्थित वाणिज्य दूतावास के अधिकारी घायल छात्रों को सहायता प्रदान करने के लिए उफा रवाना हो गए हैं.
एक विज्ञप्ति में रूसी संघीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि हमले में घायल चार लोगों को चिकित्सकीय उपचार दिया जा रहा है. मंत्रालय के अनुसार, इनमें से एक की हालत गंभीर है, जबकि तीन अन्य की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
‘बाजा' टेलीग्राम चैनल ने कहा कि हमलावर की पहचान 15 वर्षीय किशोर के रूप में हुई है, जिसे गंभीर हालत में स्थानीय बच्चों के अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना की उच्चस्तरीय जांच शुरू
मॉस्को से करीब 1200 किलोमीटर दूर स्थित बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी उफा में इस घटना की उच्च स्तरीय जांच शुरू कर दी गई है.
बाजा चैनल ने दावा किया कि हमलावर एक प्रतिबंधित नव-नाजी संगठन से जुड़ा था.
रेन टीवी ने एम्बुलेंस वैन द्वारा घायलों को अस्पताल ले जाने के फुटेज दिखाते हुए कहा कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, “चारों ओर खून था”.














