सुबह की लाली से रात की चमक तक, आर्टेमिस II की खिड़की से कैद हुई हमारी पूरी दुनिया, PHOTOS

NASA ने अपने ऐतिहासिक आर्टेमिस II मून मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा ली गई पृथ्वी की पहली शानदार तस्वीरें जारी की हैं.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
नासा ने शेयर की पृथ्वी की तस्वीरें
NASA

चंदा मामा दूर के... बचपन में हम सबने यह सुना था. लेकिन नासा का आर्टेमिस II (Artemis II) मिशन इस कहावत को हकीकत में बदलने निकल पड़ा है. 54 साल बाद इंसान एक बार फिर चांद की दहलीज जा रहा है और वहां से जो तस्वीरें आ रही हैं, उन्हें देखकर आपकी नजरें ठहर जाएंगी. जैसे-जैसे ओरियन कैप्सूल अंतरिक्ष की गहराइयों में बढ़ रहा है, वह पीछे मुड़कर हमारे 'नीले घर' की ऐसी झलकियां भेज रहा है जो रूह को सुकून दे दें. कभी सूरज की पहली किरण में चमकते नीले समंदर, तो कभी अंधेरी रात में जुगनू की तरह जगमगाती हमारी पृथ्वी... नासा की ये ताजा तस्वीरें गवाह हैं कि हमारी दुनिया कितनी बेमिसाल और खूबसूरत है.

अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने अपने ऐतिहासिक आर्टेमिस II मून मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा ली गई पृथ्वी की पहली शानदार तस्वीरें जारी की हैं। इन तस्वीरों में 'ब्लू मार्बल' यानी हमारी पृथ्वी बेहद खूबसूरत दिखाई दे रही है.

दूसरी तस्वीर में पृथ्वी घने बादलों से घिरी हुई दिख रही है. जैसे-जैसे स्पेस क्राफ्ट आगे बढ़ रहा है, पृथ्वी धीरे-धीरे दूर होती हुई प्रतीत हो रही है. इस समय क्रू पृथ्वी से लगभग 90,000 मील (लगभग 1.45 लाख किलोमीटर) दूर है और चंद्रमा की ओर बढ़ रहा है.

तीसरी तस्वीर में हम रात और दिन के बीच की उस सीमा को देख सकते हैं, जिसे 'टर्मिनेटर' कहा जाता है. यह सीमा पृथ्वी को दो हिस्सों में बांटती हुई गुजरती है. चाहे हम जाग रहे हों या सपने देख रहे हों, हम सभी इस ग्रह पर एक साथ मौजूद हैं.

Advertisement

चौथी तस्वीर में हमारी पृथ्वी पर अंधेरा दिख रहा है. लेकिन खास बात यह है कि अंधेरे में भी यह चमक रही है. आर्टेमिस II के क्रू द्वारा ली गई पृथ्वी की इस तस्वीर में, दुनियाभर के अलग-अलग शहरों में जलती लाइट्स की रोशनी देख सकते हैं. वहीं नीचे की ओर सूरज की रोशनी ग्रह के किनारे को रोशन कर रही है.

 NASA ने यह तस्वीर जारी करते हुए कहा कि  तैयार हो जाइए, हम चांद की ओर बढ़ रहे हैं. Artemis II के अंतरिक्ष यात्री अपनी मंजिल का आधे से ज्यादा सफर तय कर चुके हैं और चांद के पास से गुजरने की तैयारियां जोंरों पर हैं. चांद के दूसरी तरफ से गुजरते हुए, वे तस्वीरें लेंगे जिन्हें शेयर किया जाएगा. लेकिन इस सफर के बीच से दूर अपनी पृथ्वी का नजारा देखिए.

नासा ने दो तुलनात्मक तस्वीरें साझा की हैं. इनमें बाईं ओर की तस्वीर 1972 में 'अपोलो-17' मिशन के चालक दल द्वारा ली गई थी, जबकि दाईं ओर की तस्वीर 'आर्टेमिस-II' के अंतरिक्ष यात्रियों ने कल ही कैमरे में कैद की है. ये तस्वीरें स्पेसक्राफ्ट के अंदर से ली गई पहली इमेज हैं. आर्टेमिस II मिशन के कमांडर और नासा के अनुभवी एस्ट्रोनॉट रीड वाइजमैन ने ट्रांसलूनर इंजेक्शन बर्न पूरा करने के बाद ओरियन अंतरिक्ष यान की खिड़की से ये तस्वीरें लीं. एक तस्वीर में पृथ्वी सूर्य को ढकती नजर आ रही है, जिससे उत्तर और दक्षिण दिशा में दो 'ऑरोरा' (ध्रुवीय ज्योति) की चमक दिखाई दे रही है. इसके साथ ही, दाईं ओर नीचे की तरफ 'जोडिएकल लाइट' भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है.

Advertisement

आर्टेमिस II मिशन में चार एस्ट्रोनॉट्स शामिल हैं, इनमें तीन अमेरिकी रीड वाइजमैन, विक्टर ग्लोवर और क्रिस्टीना कोच व एक कनाडाई जेरेमी हैनसन शामिल हैं. यह मिशन 1972 के बाद पहला ऐसा मिशन है जिसमें मानव चंद्रमा के चारों ओर चक्कर लगाने जा रहे हैं, लेकिन चंद्रमा की सतह पर नहीं उतरेंगे. क्रू ओरियन कैप्सूल में बैठकर चंद्रमा के फार साइड से गुजरेंगे और फिर पृथ्वी पर वापस लौट आएंगे.

यह भी पढ़ें: अद्भुत, अलौकिक... अंतरिक्ष से कुछ ऐसी दिखती है हमारी पृथ्वी, NASA के आर्टेमिस-II मिशन ने भेजी तस्वीरें

Featured Video Of The Day
Iran Israel War | मिसाइल का 'महा-पोस्टमार्टम'! तबाही का पूरा विज्ञान समझिए | Meenakshi Kandwal