जेपीमॉर्गन, वीजा और मास्टरकार्ड को हैकर्स ने बनाया निशाना; 16 हजार हाई-प्रोफाइल ग्राहकों का डेटा लीक

जेपीमॉर्गन चेज़, वीजा और मास्टरकार्ड ने पुष्टि की है कि उनके एक थर्ड-पार्टी वेंडर पर साइबर हमला हुआ. रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 16,000 ग्राहकों की संपर्क जानकारी लीक हुई है, हालांकि वित्तीय और पेमेंट संबंधी डेटा सुरक्षित बताया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 4 mins
JPMorgan, Visa और Mastercard पर साइबर अटैक
प्रतीकात्मक तस्वीर (File Photo)
फटाफट पढ़ें
Summary is AI-generated, newsroom-reviewed
  • JPMorgan, Visa और Mastercard पर साइबर अटैक का असर, 16 हजार हाई-प्रोफाइल ग्राहकों का डेटा लीक होने का दावा
  • रूस से जुड़े हैकर ग्रुप n0n ने ली जिम्मेदारी
  • करोड़पतियों के रिजर्व कार्ड से जुड़ा डेटा लीक, जांच में जुटीं कंपनियां
न्यूयॉर्क:

क्रिप्टो करेंसी एक्सचेंज बाइनेंस के बाद माइक्रोसॉफ्ट, एपल और FAA के सिस्टम में तकनीकी दिक्कत के बाद अब दुनिया की प्रमुख फाइनेंसियल संस्थाएं जेपीमॉर्गन चेज़ (JPMorgan Chase), वीजा (Visa) और मास्टरकार्ड (Mastercard) साइबर हमले से प्रभावित हुई हैं. इस साइबर अटैक में निशाना सीधे इन कंपनियां को नहीं, बल्कि इनके लिए सेवाएं देने वाले एक थर्ड-पार्टी सप्लायर को बनाया गया. हैकर्स ने जेपीमॉर्गन चेज़ के लगभग 16 हजार हाई प्रोफाइल ग्राहकों की मेल आईडी और फोन नंबर जैसी जानकारी पर सेंध लगाई है. n0n हैकर्स ग्रुप की ओर से डेटा लीक की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है. कंपनियों ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी ग्राहक का वित्तीय या पेमेंट संबंधी संवेदनशील डेटा चोरी नहीं हुआ है.

थर्ड पार्टी सप्लायर पर हुआ साइबर अटैक

जेपीमॉर्गन चेज़ की तरफ से जारी बयान में कहा कि कंपनी के सर्विस प्रदान करने वाले कुछ बाहरी वेंडर साइबर हमले का शिकार हुए हैं. बैंक के अनुसार शुरुआती जांच में पता चला है कि हमलावरों ने उन विक्रेताओं के पास मौजूद कुछ मार्केटिंग डेटा तक पहुंच बनाई. इसमें ग्राहकों के नाम और ईमेल एड्रेस जैसी जानकारी शामिल हो सकती है. वहीं दूसरी ओर बैंक ने यह भी कहा कि उसकी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं और इस घटना का हाल में सामने आई तकनीकी समस्याओं से कोई संबंध नहीं है.

16 हजार अमीर ग्राहकों की जानकारी लीक होने का दावा

फॉक्स न्यूज के मुताबिक लीक हुई जानकारी जेपीमॉर्गन चेज़ के 'रिजर्व प्रोग्राम' से जुड़े ग्राहकों की हो सकती है. यह एक विशेष वीजा क्रेडिट कार्ड प्रोग्राम है, जिसमें आमतौर पर 10 मिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक संपत्ति मैनेज करने वाले ग्राहकों को शामिल किया जाता है. रिपोर्ट में बताया गया है कि करीब 16 हजार हाई-नेटवर्थ ग्राहकों के ईमेल पते और फोन नंबर हमलावरों के हाथ लग सकते हैं.

वीजा ने कहा कि उसे इन दावों के बारे में पता है. ये मामला एशिया-पैसेफिक रीजन के एक सप्लायर से जुड़ा है. कंपनी ने कहा कि उसके खुद के सिस्टम प्रभावित नहीं हुए और किसी प्रकार का पेमेंट डेटा या कार्ड नंबर लीक नहीं हुआ.

वहीं मास्टरकार्ड ने बताया कि हमले के कारण एक स्पेसिफिक बेनिफिट प्रोग्राम से जुड़े कुछ कार्डहोल्डर्स की सीमित नॉन-पेंमेंट संबंधी जानकारी लीक हुई है. कंपनी ने कहा कि प्रभावित ग्राहकों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए संबंधित सर्विस प्रोवाइड के साथ काम किया जा रहा है.

Advertisement

'n0n' समूह ने ली जिम्मेदारी

साइबर सुरक्षा कंपनी SOCRadar के अनुसार 'n0n' नाम के हैकर ग्रुप ने इस साइबर हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है. इस ग्रुप ने कथित तौर पर कुछ डॉक्यूमेंट भी सार्वजनिक किए हैं, जिनके आधार पर वह अपने दावों को सही साबित करने की कोशिश कर रहा है. यह ग्रुप रूस से जुड़ा माना जाता है और सितंबर में एक्टिव हुआ था. हैकर ग्रुप का दावा है कि उसने दुनिया भर की लगभग 200 कंपनियों को निशाना बनाया है.

पहले भी फाइनेंसियल सेक्टर बन चुका है निशाना

पिछले एक सप्ताह के दौरान जेपीमॉर्गन चेज़, यूनाइटेड एयरलाइन्स (United Airlines) और यहां तक कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (NSA) को भी कंप्यूटर सिस्टम से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों और आउटेज का सामना करना पड़ा है. इसी सप्ताह की शुरुआत में जेपीमॉर्गन चेज़ में सॉफ्टवेयर बग के कारण ट्रांजेक्शन प्रोसेसिंग प्रभावित हुई थी. इसी दौरान अन्य बैंक भी तकनीकी बाधा झेल रहे थे. इसके अलावा हाल ही में लगभग 180 बड़ी वेबसाइटों में मालवेयर डाले जाने की खबरें थीं.

Advertisement

संवेदनशील फाइनेंसियल डेटा सुरक्षित

जेपीमॉर्गन चेज़, वीजा और मास्टरकार्ड तीनों ने कहा है कि उनके मुख्य पेमेंट नेटवर्क सुरक्षित हैं. कंपनियों के अनुसार कार्ड नंबर, बैंक खाते की जानकारी, भुगतान रिकॉर्ड और अन्य वित्तीय डेटा से कोई समझौता नहीं हुआ है. जांच एजेंसियां और साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स अब यह पता लगाने में जुटे हैं कि डेटा तक पहुंच कैसे मिली और हमले का वास्तविक दायरा कितना बड़ा है.

यह भी पढ़ें : Microsoft ने इंप्लाई को क्यों दिया नौकरी छोड़ने का ऑफर; 60,000 कर्मचारियों को निकालने की नौबत क्यों आई?

Featured Video Of The Day
अखिलेश के रोड शो के बाद योगी का पलटवार, बोले- 'गुंडे-माफिया डंडे से सीधे होते हैं'

Topics mentioned in this article
JPMorgan Chase
Visa
MasterCard
Cyber Attack
Data Breach

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं