- इजरायल के PM बेंजामिन नेतन्याहू ने दक्षिणी लेबनान में इजरायली सैनिकों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया.
- नेतन्याहू ने कहा कि इजरायली सेना ने हिज्बुल्लाह के हमलों के खतरे को खत्म कर दिया है.
- लेबनान से इजरायल पर कम से कम दस रॉकेट हमले हुए, लेकिन किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू रविवार को दक्षिणी लेबनान पहुंचे. उन्होंने यहां इजरायली सैनिकों मुलाकात की, उनका हौसला बढ़ाया. लेबनान में इजरायल के सैनिकों के साथ मुलाकात का एक छोटा वीडियो नेतन्याहू ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर भी पोस्ट किया. जिसमें उन्होंने लिखा- आज लेबनान में अपने वीर लड़ाकों के साथ. इस वीडियो में भी उन्होंने अपने सैनिकों के लिए एक मैसेज भी दिया. न्यूज एजेंसी AFP की रिपोर्ट के अनुसार इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को दक्षिणी लेबनान में सैनिकों से मुलाकात के दौरान कहा कि इजरायली सेना ने हिज्बुल्लाह के लड़ाकों के हमले के खतरे को खत्म कर दिया है.
वीडियो में नकाबपोश सैनिकों से घिरे दिखे नेतन्याहू
उनकी यह यात्रा लेबनान, इजरायल और अमेरिका के अधिकारियों के वॉशिंगटन में सीधी बातचीत करने से दो दिन पहले हुई है. नेतन्याहू ने अपने दफ्तर से जारी एक वीडियो में कहा, "युद्ध जारी है, जिसमें लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र के अंदर भी लड़ाई शामिल है." इस वीडियो में उन्हें फ्लैक जैकेट पहने और नकाबपोश सैनिकों से घिरा हुआ दिखाया गया है.
लेबनान से होने वाले हमले को खतरे को नाकाम कियाः नेतन्याहू
उन्होंने कहा, "हम जो देख रहे हैं, वह यह है कि हमने इस सुरक्षा क्षेत्र के जरिए लेबनान से होने वाले हमले के खतरे को नाकाम कर दिया है." उन्होंने आगे बताया कि उनके साथ रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज और सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल आयल जमीर भी थे.
नेतन्याहू ने कहा कि दक्षिणी लेबनान के अंदर जमीनी कार्रवाई से हिज्बुल्लाह की ओर से "रॉकेट हमलों के खतरे को रोकने" में मदद मिली है, जो उत्तरी इजरायली समुदायों को निशाना बना रहे थे. उन्होंने यह भी कहा कि इजरायली सेना इस इलाके में "हमास से भी निपट रही है." उन्होंने कहा, "अभी और भी बहुत कुछ करना बाकी है, और हम उसे कर रहे हैं."
ईरान पर हमलों के बीच लेबनान ने इजरायल पर दागे थे रॉकेट
इजरायल के होम फ्रंट कमांड ने रविवार को लेबनान से इजराइल पर कम से कम 10 रॉकेट हमलों को दर्ज किया, लेकिन किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है. मालूम हो कि ईरान पर हमलों से शुरू हुई इस लड़ाई में लेबनान तब शामिल हो गया, जब लेबनान में रह रहे ईरान समर्थित हिज्बुल्लाह ने इजरायल पर रॉकेट दागे. यह घटना 28 फरवरी को संघर्ष की शुरुआत में अमेरिका और इज़राइल के हमलों में ईरान के सर्वोच्च नेता के मारे जाने के कुछ दिनों बाद हुई थी.
लेबनान में इजरायली हमलों में हो चुकी दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत
इजरायल ने इसके जवाब में जोरदार हमले किए हैं. रविवार को दक्षिणी लेबनान के काना शहर में इजरायल के हमले में कम से कम 5 लोग तो मारूब में छह लोग मारे हैं. लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि 2 मार्च से अब तक लेबनान पर हुए इजरायली हमलों में कम से कम 2,020 लोग मारे गए हैं और 6,436 अन्य घायल हुए हैं.
यह भी पढ़ें - दक्षिणी लेबनान में इजरायल के हमले जारी, पिता के जनाजे में शामिल बच्ची की मौत













